Viral Video: बिहार के बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पान गांछी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दुर्गा मंदिर के पास नवरात्रि के पावन अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर दो महिला डांसर (Dance Video) गानों की धुन पर अपनी प्रस्तुति दे रही थीं। दर्शक मंच के सामने बैठकर कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। तभी वर्दी पहने एक पुलिस पदाधिकारी अचानक स्टेज की सीढ़ियां चढ़कर ऊपर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित महिला डांसर के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने स्टेज पर पहुंचते ही बिना किसी वजह के एक महिला डांसर को थप्पड़ जड़ दिया और वहां मौजूद अन्य कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।
डांसर को पुलिसवाले ने जड़ा थप्पड़
ये भी पढ़ें - न बैंड-बाजा, न गाड़ियों का काफिला,चाइनीज कपल ने अनोखे अंदाज में की शादी, सोशल मीडिया पर छाया मामला
पीड़ित डांसर ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि हम लोग अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शांत स्वभाव से प्रस्तुति दे रहे थे। अचानक पुलिस पदाधिकारी आए और हमारे साथ मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। एक महिला कलाकार पर इस तरह हाथ उठाना खाकी का दुरुपयोग है। ऐसे पुलिसकर्मी पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इधर, जैसे ही पुलिस पदाधिकारी द्वारा महिला डांसर पर हाथ उठाने की खबर फैली, पंडाल में मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई। दर्शकों ने खाकी की इस मनमानी का जमकर विरोध करना शुरू कर दिया और पुलिसकर्मी को घेर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। खुद को घिरता देख पुलिस पदाधिकारी ने संयम खो दिया और अपनी कमर से सर्विस पिस्टल निकालकर खुलेआम भीड़ के सामने लहराना शुरू कर दिया। जैसे ही पुलिस अधिकारी के हाथ में पिस्टल चमकी, कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार मच गई। सांस्कृतिक संध्या का आनंद उठा रहे छोटे बच्चों, महिलाओं और दर्शकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। देखें वीडियो...
आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
घटना को वहां मौजूद कुछ दर्शकों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आम जनता में काफी रोष है और लोग पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। बेगूसराय में हुई इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वीडियो के आधार पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी की पहचान की जा रही है। जनता और पीड़ित कलाकारों ने मामले में बेगूसराय एसपी से संज्ञान लेते हुए दोषी अधिकारी को तुरंत निलंबित करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
