Viral Video: हवाई जहाज में सफर करते समय यात्रियों को उम्मीद रहती है कि उनका सफर आरामदायक होने के साथ-साथ सुरक्षित भी होगा। लेकिन, जब विमान के अंदर कोई ऐसी चीज दिखाई दे, जो सामान्य से अलग लगे, तो सवाल उठना लाजिमी है। सोशल मीडिया पर इन दिनों स्पाइसजेट की एक फ्लाइट से जुड़ा वीडियो चर्चा में है। इसमें विमान की खिड़की के पास एक हिस्सा ढीला दिखाई देता है और उस पर टेप लगा नजर आता है। इसे देखकर कुछ यात्री एयरलाइन स्टाफ से सवाल करने लगते हैं। मगर बातचीत के दौरान स्टाफ का कथित जवाब ही लोगों के बीच चर्चा का सबसे बड़ा कारण बन जाता है।
फ्लाइट में सुरक्षा को लेकर भड़के यात्री (तस्वीर साभार- @aircrew.in)
ये भी पढ़ें - नीलगिरी की पहाड़ियों में 100 फीट नीचे जा समाया लकड़ियों से लदा ट्रक, खौफनाक वीडियो वायरल
वीडियो में यात्रियों और स्टाफ के बीच हुई बातचीत ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है। कुछ लोग यात्रियों की चिंता को जायज बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि विमान के किसी अंदरूनी हिस्से को देखकर उसकी तकनीकी स्थिति का अंदाजा लगाना आसान नहीं है। ऐसे में इस पूरे मामले को समझना जरूरी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विमान के केबिन के अंदर का दृश्य दिखाई देता है। कुछ यात्री खिड़की के पास मौजूद एक हिस्से की ओर इशारा करते हुए उसकी स्थिति पर सवाल उठाते नजर आते हैं। खिड़की के आसपास का पैनल ढीला दिखाई दे रहा है और वहां टेप भी लगा हुआ नजर आता है। यात्रियों के लिए यह दृश्य असामान्य था। ऐसे में उन्होंने एयरलाइन स्टाफ से जानना चाहा कि आखिर खिड़की के पास ऐसी स्थिति क्यों है और क्या विमान में सफर करना सुरक्षित है? यात्रियों की ओर से सवाल उठाए जाने पर स्टाफ का एक सदस्य कथित तौर पर कहता सुनाई देता है कि जिन्हें फ्लाइट से यात्रा नहीं करनी है, वे उतर सकते हैं। देखें वीडियो...
वीडियो पर छिड़ी बहस
वीडियो देखने के बाद कई लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि क्या विमान की खिड़की पर टेप लगा होना उसकी सुरक्षा में कमी का संकेत है? अब यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को aircrew.in नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों का कहना है कि विमान में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। यदि किसी यात्री को कोई असामान्य चीज दिखाई देती है, तो उसे स्पष्ट और संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स का मानना है कि विमान के किसी अंदरूनी हिस्से की स्थिति देखकर उसकी सुरक्षा को लेकर तुरंत निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। तकनीकी मामलों की जांच संबंधित विशेषज्ञों द्वारा ही की जानी चाहिए। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
