Viral Video: एक सच्चे सिपाही के लिए उसकी वर्दी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि उसका स्वाभिमान, उसकी पहचान और जीवन भर की तपस्या होती है। इंसान नौकरी से तो रिटायर हो सकता है, लेकिन देश सेवा और वर्दी के प्रति उसका जुनून कभी रिटायर नहीं होता। इसी बात को सच साबित करता एक बेहद भावुक और प्रेरणादायक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक बुजुर्ग पूर्व पुलिस अधिकारी को पूरे 35 साल बाद अपनी पुरानी खाकी वर्दी पहनते और सैल्यूट करते देखा जा सकता है।
उम्र 90 के पार, जोश आज भी बरकरार! (तस्वीर साभार- @dada_dhanraj1933)
इंस्टाग्राम पर @dada_dhanraj1933 नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में एक दिल छू लेने वाला नजारा दिखाई देता है। वीडियो की शुरुआत में एक बुजुर्ग व्यक्ति चारपाई पर बैठे नजर आते हैं, जो बढ़ती उम्र के कारण शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो चुके हैं और उन्हें चलने-फिरने व खड़े होने के लिए सहारे की जरूरत पड़ती है। तभी उनका पोता बड़े प्यार और सम्मान के साथ उन्हें उनकी दशकों पुरानी खाकी वर्दी पहनाने में मदद करता है। पोता पहले बुजुर्ग को खाकी शर्ट और पैंट पहनाता है, फिर कमर पर बेल्ट बांधता है और आखिर में सिर पर पुलिस की टोपी सजाता है। वीडियो पर लिखे टेक्स्ट के मुताबिक, बाबा ने करीब 35 साल बाद अपनी यह वर्दी दोबारा पहनी है। वीडियो का सबसे भावुक पल तब आता है जब पूरी वर्दी पहनने के बाद बुजुर्ग चारपाई पर बैठे-बैठे ही पूरी मुस्तैदी के साथ अपना दाहिना हाथ उठाकर सैल्यूट करते हैं। भले ही उम्र के इस पड़ाव में शरीर साथ न दे रहा हो, लेकिन सैल्यूट करने के दौरान उनके हाथ का कोण, शरीर का अनुशासन और चेहरे की गंभीरता यह साफ बयां करती है कि अपने कार्यकाल के दौरान वे कितने काबिल और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी रहे होंगे। देखें वीडियो...
दिल छू लेने वाला नजारा
वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी भावुक हो गए होंगे। अब यह मामला लोगों के बीच छाया हुआ है। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि अभी भी इनका सैल्यूट आज की पीढ़ी से काफी बेहतर है। वहीं, एक अन्य यूजर ने भावुक होकर लिखा कि इतनी उम्र हो गई है, लेकिन सैल्यूट आज भी उतना ही कड़क है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
