भारत का अनोखा रेलवे स्टेशन, यहां 4 भाषाओं में होती है ट्रेन की अनाउंसमेंट

Unique Railway Station India: नवापुर रेलवे स्टेशन भारत का एक अनोखा स्टेशन है, जो महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा पर स्थित है। यहां ट्रेनों की अनाउंसमेंट हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी इन चार भाषाओं में की जाती है। स्टेशन का कुछ हिस्सा महाराष्ट्र में और कुछ हिस्सा गुजरात में होने की वजह से यह जगह लोगों के लिए काफी दिलचस्प बन जाती है।

Indian Railways Facts: भारत में रेलवे स्टेशनों की अपनी-अपनी खासियत होती है। कुछ स्टेशन अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर हैं, तो कुछ अपने अनोखे इतिहास के लिए जाने जाते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प रेलवे स्टेशन है नवापुर रेलवे स्टेशन (Navapur Railway Station), जो अपनी खास व्यवस्था की वजह से लोगों का ध्यान खींचता है। इस स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां ट्रेनों की घोषणा एक या दो नहीं, बल्कि चार अलग-अलग भाषाओं में की जाती है। नवापुर रेलवे स्टेशन (Interesting Railway Stations) का कोड NWU है। यह स्टेशन महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में स्थित है, लेकिन इसकी एक खास बात यह है कि इसका कुछ हिस्सा गुजरात राज्य की सीमा में भी आता है।

Unique Railway Station India

Indian Railways Facts: महाराष्ट्र–गुजरात बॉर्डर पर बना खास स्टेशन (Photo: iStock)

प्लेटफॉर्म पर खींची गई एक सफेद लाइन

यानी यह स्टेशन दो राज्यों के बीच बसा हुआ है। इसी वजह से यहां आने-जाने वाले यात्रियों की भाषा अलग-अलग होती है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां ट्रेनों की अनाउंसमेंट चार भाषाओं में की जाती है। ये चार भाषाएं हैं हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी। इससे महाराष्ट्र और गुजरात दोनों राज्यों से आने वाले यात्रियों को ट्रेन से जुड़ी जानकारी आसानी से समझ में आ जाती है। स्टेशन पर लगे बोर्ड और सूचना पट भी इन चारों भाषाओं में लिखे होते हैं। इस स्टेशन की एक और रोचक बात यह है कि यहां प्लेटफॉर्म पर एक सफेद लाइन खींची गई है, जो दोनों राज्यों की सीमा को दिखाती है। यानी अगर कोई व्यक्ति उस लाइन के एक तरफ खड़ा है, तो वह महाराष्ट्र में है और दूसरी तरफ खड़ा होने पर गुजरात में पहुंच जाता है।

End of Feed