Snake Attack: मां इस दुनिया की सबसे बड़ी योद्धा होती है। अपने बच्चे की जान पर आफत आती है तो मां किसी से भी भिड़ सकती है। अपने बच्चों के लिए मां अपनी जान की बाजी लगाने से पीछे नहीं हटती। झारखंड से ऐसी ही एक घटना सामने आई है। झारखंड के भुरकुंडा में एक मां अपने बच्ची की जान बचाने के लिए एक जहरीले सांप से भिड़ गई। यहां तक कि जहरीला सांप मां को बार-बार डसता रहा। इसके बाद भी वह पीछे नहीं हटी। यह घटना सामने आने के बाद लोग मां की जमकर सराहना कर रहे हैं।
प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
बेटी को बचाने के लिए किया ऐसा
रिपोर्ट के अनुसार, भुरकुंडा नलकारी नदी तट पर सरिता देवी नाम की महिला अपनी बच्ची को लेकर नहाने गई थी। इस दौरान महिला ने अपनी बच्ची को दूर बिठा दिया था। तभी एक जहरीला सांप बच्चे की तरफ बढ़ने लगा। जैसे ही मां की नजर जहरीले सांप पर पड़ी, वह दौड़कर अपनी बेटी की तरफ आई। मां ने सोचा कि कहीं सांप उसकी बेटी को न काट ले। इसलिए वह सांप पर ही लेट गई। ऊपर लेटने के बाद मां को सांप ने तीन बार काटा, लेकिन मां उसके ऊपर से नहीं हटी।
लगातार चीखती रही मां
मां ने सांप के लगातार काटने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और लगातार चीखती रही। इसके बाद वहां मौजूद महिलाओं ने दौड़कर सांप से मां को मुक्त कराया और मां को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल भेजा। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रिम्स में भर्ती कराया गया। अभी महिला का रिम्स में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। जिसने भी मां की इस बहादुरी के बारे में सुना वह महिला की जमकर सराहना कर रहा है।
