बंदर जैसे खुराफाती जानवर इस धरती पर कोई नहीं। उन्हें उनके खुराफात के लिए ही जाना जाता है। सोशल मीडिया पर उनके खुराफात के कई वीडियो सामने आते रहते हैं, जिनमें वे कोई ना कोई शैतानी करते नजर आते हैं। कई बार उनकी शैतानियों को देख हमारे चेहरे पर अपने आप ही मुस्कान आ जाती है। वहीं, कई बार उनकी हरकतें हमें परेशानी में भी डाल देती हैं।
नोटों की गड्डियां छीनकर भागा बंदर (X/@funny_memes04)
पर्स लेकर भागा बंदर
हाल में ही बंदर की खुराफात से जुड़ा एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें बंदर को एक छत पर 500 के नोटों की गड्डियों के साथ बैठा देखा गया। नीचे गली में खड़े लोग उसे फ्रूटी का लालच देकर नोट की गड्डी वापस लेने की फिराक में दिख रहे हैं। ऐसे में वे बार-बार बंदर की तरफ फ्रूटी का टेट्रा पैक फेंकते नजर आ रहे हैं। अंतत: बंदर फ्रूटी के लालच में आ जाता है और वह नोटों की गड्डी को नीचे लोगों की तरफ गिरा देता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
इस वीडियो को पड़ोस में ही रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वायरल कर दिया। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @funny_memes04 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो को शेयर करने वाले यूजर ने वीडियो पोस्ट कर कैप्शन में घटना के बारे में बताया और लोगों को चेतावनी भी दी। यूजर ने कैप्शन में लिखा, "आप अगर कहीं घूमने जाते हैं तो अपने पैसे का अवश्य ध्यान रखें क्योंकि ऐसे बंदर आपको हर जगह मिल जाएंगे। इस बंदर ने एक माताजी का पर्स छीनकर उसमें से पैसे निकाल लिए, इसलिए सावधान रहें और सतर्क भी।"
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। जहां कुछ लोगों ने अन्य बंदरों की शरारत भरी घटनाओं का जिक्र किया, तो वहीं कुछ लोगों ने ऐसे बंदरों से बचने की सलाह भी दी। जैसे एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "वृंदावन तो पूरे भारत में चर्चित है कि वहां के बंदर कैसे सौदेबाजी करते हैं और वे तो महंगा और सस्ता भी पहचानते हैं। उसी हिसाब से समान उठा कर ले जाते हैं।" दूसरे ने लिखा, "इन पैसों से अब वह केले खरीदेगा, इंसान तो देता नहीं तो ऐसे में अब पैसे लूट कर ही काम चलाना पड़ेगा इनको।" तीसरे ने लिखा, "बिलकुल सही कहा आपने, पैसे बंदर से बहुत बचा कर रखना चाहिए क्योंकि बंदर अगर वापिस भी कर दें तो कोई भरोसा नहीं कि वे उन्हें फाड़ेंगे नहीं।"
