वैसे तो बाहर का खाना खाने से हर कोई मना करता है, मगर लोगों का मन कहां मानता। हर बार लोग सोचते तो हैं कि बाहर का कुछ नहीं खाएंगे लेकिन बाहर निकलते ही लोगों का इरादा तुरंत बदल जाता है। मगर सोशल मीडिया पर जो वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है, वह देख शायद कुछ लोग बाहर के खाने से तौबा कर लें। वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़की अपने मोबाइल से एक वीडियो शूट कर रही है। जिसमें एक शख्स को सड़क किनारे लगे चापाकल के पास बड़े से पतीले में खड़े होकर पैरों से आलू धोते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं उस शख्स ने आलू धोने के वक्त अपने पैरों में चप्पल भी पहन रखी है।
पैरों से आलू धोता शख्स (X/@KapilKumar77025)
ये भी पढ़ें: ये है जंगल का एथलीट! खजूर के ऊंचे पेड़ से उतरते तेंदुए को देख लोग रह गए दंग, अद्भुत ताकत की खूब हुई तारीफ
टिक्की के लिए इस्तेमाल होता है यह आलू
वायरल वीडियो में लड़की को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि शख्स उन आलू को अपने पैरों से धो रहा है, जिससे वह टिक्की बनाता है। लड़की वीडियो में अपनी लोकेशन भी बताती है। वीडियो में लड़की बताती है कि यह शख्स गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में स्थित अंकुर विहार की डीएलएफ कॉलोनी में टिक्की बेचता है और उसे बनाने वाले आलू को वह अपने पैरों से धो रहा है। लड़की ने वीडियो में यह भी कहा कि उसकी मम्मी भी उस टिक्की वाले से ही टिक्की बनवाकर खाती हैं। आज वह अपनी मम्मी को यह वीडियो दिखाएगी और बताएगी कि जो शानदार टेस्ट आलू टिक्की की आती थी वह कहां से आती थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है और कई लोगों ने इस वीडियो को अपने अकाउंट से पोस्ट किया है। हमने इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट करने वाले @KapilKumar77025 नामक अकाउंट से लिया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग इसे शेयर करते हुए अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जहां कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर लिखा कि ये लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं, कुछ अन्य लोगों ने इस वीडियो को टैग करते हुए इस मामले में खाद्य विभाग से कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तमाम लोगों ने चिंता जाहिर की है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
