Ajab Gajab: कहते हैं किस्मत बदलने में सालों नहीं, बस एक पल लगता है। ऑस्ट्रेलिया के बीहड़ आउटबैक में एक शौकिया खोजी के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। कई दिनों से मेटल डिटेक्टर लेकर तपती धूप में भटक रहा शख्स जब लगभग उम्मीद हार चुका था, तभी लाल मिट्टी के नीचे एक छोटे से 'पीले धब्बे' ने उसकी पूरी दुनिया बदलकर रख दी। खुदाई करने पर मिट्टी के अंदर से आलू के आकार का 1.2 किलोग्राम का सोने का टुकड़ा बाहर निकला।
खुदाई के दौरान मिला खजाना (तस्वीर साभार- @Broken Hill Prospecting Supplies)
जानकारी के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स स्थित माउंट स्टुअर्ट स्टेशन के पास यह शख्स कई दिनों से सोने की तलाश में जुटा हुआ था। उसने बताया कि सोने की तलाश में अक्सर इंसान को निराशा हाथ लगती है-कभी सीसे की गोलियां तो कभी पुरानी कीलें और घोड़ों की नाल जैसा कचरा ही निकलता है। लेकिन इस बार कहानी अलग थी। जब उसने अपने 'गोल्ड मॉन्स्टर 2000' मेटल डिटेक्टर से सिग्नल पाया, तो शुरुआत में सिग्नल काफी धीमा था। पर जैसे ही उसने 100 मिमी गहराई तक गड्ढा खोदा, मेटल डिटेक्टर जोर-जोर से बीप करने लगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि गड्ढे में मिट्टी हटाते ही एक पीला चमकदार निशान दिखाई देता है। शख्स घबराहट और भारी सांसों के बीच अपनी उंगलियों से लाल मिट्टी को खुरचता है। जैसे ही वह ठोस पत्थर जैसे टुकड़े को बाहर खींचता है, तो उसके होश उड़ जाते हैं। देखें वीडियो...
हाथ लगा खजाना
वह बेहद खुश होकर बार-बार उस नगेट को अपने हाथ में घुमाकर देखता है। 400 मिमी की मामूली गहराई पर मिला यह टुकड़ा किसी चमत्कार से कम नहीं था। शख्स को 'टिबूबुरा स्पड', जिसका वजन करीब 1.2 किलोग्राम हाथ लगा। जांच के बाद पता चला कि इसमें क्वार्ट्ज के साथ-साथ लगभग 940 ग्राम शुद्ध सोना है। देखने में आलू जैसा लगने के कारण इसे टिबूबुरा आलू) नाम दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 1.50 लाख से 1.60 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 1.43 से 1.5 करोड़ रुपये है। स्थानीय उपकरण विक्रेताओं और विशेषज्ञों के अनुसार, उस क्षेत्र में 1 किलो से ज्यादा वजन का सोने का नगेट मिलना बेहद दुर्लभ है। आम तौर पर खोजी दल को कुछ ग्राम या औंस के छोटे-छोटे सोने के कण ही मिलते हैं। पिछले 20 सालों में इस इलाके में 1 किलो से बड़ा नगेट मिलने की यह दूसरी घटना है।
