आज के समय में जहां सोशल मीडिया पर ज्यादातर वीडियो सिर्फ वायरल होने के लिए बनाए जाते हैं। वहीं, कई बार यहां कुछ ऐसे भी वीडियो देखने को मिल जाते हैं, जो सच्ची इंसानियत की मिसाल पेश करती है। इन वीडियो को देखने के बाद लोगों को इंसानियत पर और भी ज्यादा भरोसा होने लगता है। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति अपनी जान जोखिम में डालकर ऊंचे बिजली के तारों में फंसे एक पक्षी की जान बचाता नजर आ रहा है।
तार में फंसे पक्षी को बचाने के लिए क्रेन से लटका व्यक्ति (Instagram/@naughtyworld)
शख्स ने बचाई बेजुबान की जान
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बेजुबान पक्षी ऊंचे बिजली के तारों में उलझकर फंस गया है और बाहर निकलने के लिए लगातार फड़फड़ा रहा है। उसकी हालत देखकर आसपास मौजूद लोग यह समझ गए कि अगर समय रहते मदद नहीं मिली, तो पक्षी की जान जा सकती है। ऐसे में एक व्यक्ति ने हिम्मत दिखाई और बिना अपनी जान की परवाह किए, एक क्रेन की मदद से ऊपर पक्षी के करीब पहुंच गया।
क्रेन से लटककर किया पक्षी को आजाद
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आदमी एक लैम्पपोस्ट के पास खड़ी क्रेन से लटका हुआ है। नीचे जमीन से काफी ऊंचाई पर वह बेहद सावधानी से पक्षी तक पहुंचने की कोशिश करता है। इस दौरान पक्षी डर के मारे तेजी से फड़फड़ा रहा होता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद आदमी शांत रहता है और एक नुकीली चीज की मदद से धीरे-धीरे तार को काटने लगता है।
उलझन से आजाद हुआ पक्षी
कुछ ही पलों के बाद वह तार कट जाता है और पक्षी आजाद हो जाता है। अगले ही पल पक्षी हवा में उड़ता नजर आता है, मानो उसे नई जिंदगी मिल गई हो। वहीं आदमी अब भी हवा में लटकते हुए इस जोखिम भरे काम को पूरा करता दिखाई देता है। इस नजारे को देख लोगों का मुंह खुला का खुला रह गया।
लोगों को पसंद आया यह वीडियो
इस वीडियो को सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। हमने आपके लिए यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @naughtyworld नाम के पेज से लिया है। पेज पर वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह मामला पंजाब का है। वीडियो को देखने के बाद उस व्यक्ति की सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर तारीफ की। किसी ने कहा, “करुणा ही सबसे बड़ी पूजा है,” तो किसी ने लिखा, “एक छोटे से जीव को बचाकर इस इंसान ने इंसानियत की मिसाल पेश की है।” कई लोगों ने यह भी कहा कि आज के दौर में ऐसी दयालुता बहुत कम देखने को मिलती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
