सोशल मीडिया (Social Media) पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बड़ा जगुआर गहरे पानी के बीच फंसा नजर आ रहा है। हालत ऐसी है कि वह लगातार पानी में तैरते हुए खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। तभी उसके पास रेस्क्यू टीम पहुंचती है और पानी में एक रेस्क्यू बैग उतारती है। इसके बाद जो होता है, वह हर किसी का दिल छू रहा है।
जगुआर रेस्क्यू का वीडियो हुआ वायरल (X/@Dreams_realites)
गहरे पानी में फंसा जगुआर
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि जगुआर किसी बड़ी झील या नदी के गहरे पानी में फंसा नजर आ रहा है। पानी में लगातार तैरने की वजह से वह काफी थका हुआ भी दिख रहा है। तभी पास में एक बोट पहुंचती है, जिस पर सेना के कुछ जवान मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम के जवान बेहद सावधानी से एक लंबा काला रेस्क्यू बैग पानी में फेंक देते हैं। यह देख शायद उस जगुआर को भी यह समझ आ जाता है कि यही उसकी जिंदगी बचाने का सहारा हो सकता है। वह तुरंत उस बैग की तरफ बढ़ता है और अपने पंजों से उसे मजबूती से पकड़ लेता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
जिंदगी की आस दिखी तो बैग पकड़कर लटक गया जगुआर
इसके बाद जवान धीरे-धीरे बैग को ऊपर खींचना शुरू करते हैं। जगुआर भी पूरी ताकत से उससे चिपका रहता है। कुछ पल के लिए ऐसा लगता है जैसे वह अपनी पूरी ताकत लगाकर जिंदगी को पकड़कर बैठा हो। रेस्क्यू टीम उसे बोट के पास लेकर आती है और सावधानी से पानी से बाहर निकालने की कोशिश करती है। इस पूरे रेस्क्यू के दौरान जवानों का धैर्य देख हर कोई दंग रह गया क्योंकि सामने कोई सामान्य जानवर नहीं, बल्कि जंगल का एक ताकतवर शिकारी था। ऐसी स्थिति में जरा सी जल्दबाजी रेस्क्यू टीम के लिए भी खतरनाक हो सकती थी इसलिए जवानों ने सावधानी से कदम बढ़ाया।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @Dreams_realites नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी काफी भावुक नजर आ रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि जब जिंदगी खतरे में होती है, तब हर जीव सिर्फ जीना चाहता है। इस वीडियो में भी जगुआर का रेस्क्यू बैग को पकड़ना इसी चीज को दिखाता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
