12000 year old dice: क्या इंसान हजारों साल पहले भी जुआ खेलता था? हाल ही में हुई एक वैज्ञानिक खोज ने इस सवाल का चौंकाने वाला जवाब दिया है। शोधकर्ताओं का मानना है कि इंसान करीब 12,000 साल पहले भी पासों के जरिए खेल और जुए जैसी गतिविधियों में शामिल था। अमेरिका की कोलोराडो स्टेट यूनिवर्सिटी की एक टीम ने इस विषय पर गहराई से अध्ययन किया। उन्हें पश्चिमी ग्रेट प्लेन्स क्षेत्र में ऐसे प्राचीन पासे मिले, जो आखिरी हिमयुग के समय के बताए जा रहे हैं। ये पासे हड्डी के छोटे-छोटे टुकड़ों से बनाए गए थे और अब तक मिले सबसे पुराने पासों से भी करीब 6,000 साल ज्यादा पुराने हैं।
इंसान हजारों साल पहले भी खेलते थे जुआ (Photo: iStock)
दो तरफ वाले होते थे पासे
शोध में सामने आया कि ये पासे आधुनिक पासों की तरह छह तरफ वाले नहीं थे, बल्कि सिर्फ दो तरफ वाले थे। इन्हें ‘बाइनरी लॉट’ कहा जाता है। इनका आकार छोटा, सपाट या हल्का गोल होता था, जिसे आसानी से हाथ में पकड़कर जमीन पर फेंका जा सकता था। इन पासों के दोनों तरफ अलग-अलग निशान बनाए जाते थे, ठीक वैसे ही जैसे सिक्के के हेड और टेल होते हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि ये पासे किसी संयोग से नहीं बने थे, बल्कि इन्हें खास तौर पर ऐसे तैयार किया गया था कि इनके जरिए यादृच्छिक (random) परिणाम मिल सकें। यानी उस समय के लोग समझते थे कि इन चीजों का इस्तेमाल खेल या किसी फैसले के लिए किया जा सकता है।
अलग-अलग संस्कृतियों में इस तरह के खेल प्रचलित
इस अध्ययन में करीब 600 ऐसे संभावित पासों की पहचान की गई, जो उत्तरी अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों में मिले हैं। ये पासे 12 राज्यों के 57 पुरातात्विक स्थलों पर पाए गए हैं, जो यह दिखाता है कि उस समय भी अलग-अलग संस्कृतियों में इस तरह के खेल प्रचलित थे। हालांकि वैज्ञानिक यह नहीं कहते कि उस समय के लोग गणित या संभाव्यता के जटिल नियम जानते थे, लेकिन वे इतना जरूर समझते थे कि किस तरह से मौके (chance) पर आधारित खेल खेले जा सकते हैं। यह खोज बताती है कि जुआ या खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं था, बल्कि यह लोगों को आपस में जोड़ने का एक जरिया भी था। इससे अलग-अलग समूहों के लोग मिलते थे, बातचीत करते थे और अपने रिश्ते मजबूत करते थे।
वायरल (Viral News in Hindi) ट्रेंडिंग और अजब-गजब (Ajab Gajab News) की लेटेस्ट न्यूज और हिन्दी में पढ़ें और Times Now Navbharat Live TV पर देखें। देश-दुनिया की हर ट्रेंडिंग वीडियो (Viral Video) वायरल, शॉकिंग और अनोखी खबरें पढ़ने के लिए जुड़ें रहें Times Now Navbharat के साथ।
