सोशल मीडिया पर हर दिन कई वीडियो वायरल होते हैं। कुछ वीडियो लोगों को हंसाते हैं तो कुछ ऐसे होते हैं जो दिल को छू जाते हैं। इन दिनों हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले का एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो (Video) में एक एंबुलेंस स्टाफ अपनी जान की परवाह किए बिना 7 महीने के एक बच्चे को सुरक्षित जगह तक पहुंचाता नजर आता है। इस बहादुरी को देखकर लोग उसे असली हीरो बता रहे हैं।
भूस्खलन रेस्क्यू वीडियो (X/@iNikhilsaini)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि चंबा में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ है। सड़क पर पत्थर और मलबा फैला हुआ है, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। इसी बीच एक एंबुलेंस कर्मी छोटे से बच्चे को अपनी छाती से लगाकर तेजी से उस खतरनाक रास्ते को पार करता है। हर कदम पर खतरा है, लेकिन उसकी पहली प्राथमिकता बच्चे की जान बचाना होती है। कुछ ही देर में वह बच्चे को दूसरी तरफ खड़ी एंबुलेंस तक सुरक्षित पहुंचा देता है। इसके बाद वीडियो में बच्चे के माता-पिता भी सावधानी से उसी रास्ते को पार करते हुए नजर आते हैं और आखिरकार पूरा परिवार सुरक्षित एंबुलेंस तक पहुंच जाता है।
लोगों ने की जमकर तारीफ
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @iNikhilsaini नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने लाइक किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने एंबुलेंस स्टाफ की बहादुरी की खूब सराहना की। कई लोगों ने लिखा कि ऐसे लोग ही असली हीरो होते हैं, जो अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जान बचाते हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि ऐसे कर्मचारियों को सम्मान और पुरस्कार मिलना चाहिए। वहीं कई लोगों ने पहाड़ी इलाकों में बेहतर सड़क और आपातकालीन सुविधाओं की जरूरत पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि खराब बुनियादी ढांचे की वजह से अक्सर आम लोगों को ऐसी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
