कई लोगों को फोन चलाते रहने की इतनी बुरी लत होती है कि उन्हें फोन के अलावा किसी चीज का होश ही नहीं रहता। जब देखो तब उनकी नजरें मोबाइल के स्क्रीन पर गड़ी रहती हैं। हाल में एक ऐसे ही शख्स का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसकी फोन पर लगे रहने की आदत ने उसका इतना नुकसान करवा दिया कि अब से वह कभी भी मोबाइल को बेवजह हाथ भी नहीं लगाएगा।
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई चोरी की घटना (X/@gharkekalesh)
फोन पर व्यस्त रहा शख्स, चोर बैग से निकालता रहा नोटों की गड्डियां
वायरल हो रहे वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि एक शख्स सड़क पर चलते हुए मोबाइल पर लगा हुआ था। वह फोन पर इतना व्यस्त था कि उसे आसपास क्या हो रहा है, इसका ध्यान ही नहीं रहा। तभी उसके पीछे-पीछे चला आ रहा एक चोर ने इसी मौके का फायदा उठा लिया। शख्स को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि चोर उसके पीछे पड़ा है। शख्स मोबाइल में खोया रहा, कुछ देर बाद वह चोर पीछे से उसके बैग में से नोटों की गड्डियां निकालता रहा। चोरी की यह वारदात सड़क पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
ये भी पढ़ें:
5.50 लाख रुपए उड़ा ले गया चोर
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल साइट एक्स पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को पोस्ट करते हुए घटना के बारे में कुछ जानकारी भी दी गई है। पोस्ट पर लिखे कैप्शन के मुताबिक, यह घटना गुजरात के अहमदाबाद के मशहूर माणेक चौक पर हुई। दरअसल, यहां दिनदहाड़े एक चोर ने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बाजार से गुजर रहे एक युवक के बैग से साढ़े पांच लाख रुपए चुरा लिए। बताया जा रहा है कि यह युवक एक सोना-चांदी के व्यापारी के पास काम करता है। वह उन पैसों को अपने बैग में रखकर कहीं ले जा रहा था। तभी पीछे पड़ा चोर मौका देखकर उसके बैग से 5.50 लाख रुपए उड़ा ले गया।
वीडियो देख हैरान रह गए लोग
चोरी की इस घटना का वीडियो (Video) देख लोग हैरान हैं। लोग इस वीडियो पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। जहां कुछ यूजर्स दूसरों को सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। तो कई यूजर्स ने इस पूरे नजारे को किसी फिल्मी सीन जैसा बताया। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि हमें हर वक्त मोबाइल में ही नहीं घुसे रहना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
