वीडियो गेम के शौकीन तो हम सभी लोग अपने बचपन में रहे हैं। गेम खेलते-खेलते कब घंटों बीत जाते थे हमें पता भी नहीं चलता था। लेकिन एक शख्स ने इतनी देर तक वीडियो गेम को खेला कि उसने वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया। दरअसल, इस गेमर ने लगातार 144 घंटे तक वीडियो गेम खेला है।
स्जाबोल्क्स सीसेपे (हंगरी), जिन्हें ग्रासहॉपर के नाम से जाना जाता है। (X/@GWR)
144 घंटे का डांस मैराथन
हंगरी के इस गेमर ने लोकप्रिय डांसिंग गेम डांस डांस रेवोल्यूशन को लगातार 144 घंटे तक खेला और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा लिया। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले गेमर का नाम स्जाबोल्क्स सेपे है, जो 34 साल के हैं और गेमिंग इंडस्ट्री में ग्रासहॉपर के नाम से जाने जाते हैं।
दो रिकॉर्ड एक साथ तोड़े
सेपे ने न सिर्फ सबसे लंबे वीडियो गेम मैराथन का रिकॉर्ड बनाया, बल्कि रिदम गेम कैटेगरी में भी सबसे लंबा मैराथन खेलने का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने साल 2015 में अमेरिकी गेमर कैरी स्विडेकी द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ डाला। जिन्होंने इस गेम को 138 घंटे और 34 सेकंड खेलकर बनाया था।
सपना था नंबर 1 बनना
हंगेरियन गेमर सेपे ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दिए अपने इंटरव्यू में बताया कि, “कैरी स्विडेकी की उपलब्धि के बारे में जानने के बाद से मैं सोचता रहता था कि उन्होंने एक दशक पहले इतना लंबा सेशन कैसे पूरा किया। मैंने हर जरूरी स्किल पर मेहनत की और नंबर-1 बनने की ठान ली। हर मैराथन के दौरान मैं खुद से कहता था – यह सबके लिए एक सपना होना चाहिए।”
पहले के रिकॉर्ड भी हैं उनके नाम
सेपे कोई नए खिलाड़ी नहीं हैं। उनके नाम पहले से कई रिकॉर्ड दर्ज हैं।
- नारुतो गेम में सबसे लंबा मैराथन: 28 घंटे, 11 मिनट, 32 सेकंड
- पहेली गेम में सबसे लंबा मैराथन: 32 घंटे, 32 मिनट, 32 सेकंड
- रेसिंग गेम, सिमुलेशन गेम, और ग्रां टूरिस्मो 7 में 90 घंटे का रिकॉर्ड (2023)
इस बार उन्होंने डांस डांस रेवोल्यूशन को चुनौती दी और 144 घंटे (यानी पूरे 6 दिन) तक लगातार डांस करते रहे।
