सोशल मीडिया पर हर रोज ऐसे कई वीडियो हमें देखने को मिलते हैं, जिन्हें देख हमारा दिन बन जाता है। ऐसे वीडियो मनोरंजन के साथ-साथ हमारे चेहरे पर मुस्कान भी ला देते हैं। अगर कहीं ये वीडियो जंगल और जंगली जानवरों से जुड़े होते हैं तब तो ये दिल में समा जाते हैं। ऐसा ही एक प्यारा सा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक विशाल हाथी अपनी शरारत से हर किसी को हंसने और मुस्कुराने पर मजबूर कर रहा है। वीडियो देखने के बाद हर किसी का दिल खुश हो गया। इस वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों ने इसे लाइक किया है।
हाथी का यह मजाकिया अंदाज हुआ वायरल (X/@AMAZlNGNATURE)
महिला को चिढ़ाते दिखा हाथी
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बड़ा हाथी एक महिला के साथ खड़ा नजर आ रहा है। हाथी अपने सूंड में सफाई करने वाला बेलचा फंसाए अपनी केयरटेकर को छेड़ रहा है। महिला बार-बार उस बेलचे को हाथी की सूंड से छीनने की कोशिश कर रही है, लेकिन हाथी उसे हर बार चालाकी से चकमा दे देता और बेलचा दिखाकर उसे फिर से लेने के लिए लालच देता।
हाथी का मजाकिया अंदाज
हर बार जब भी महिला बेलचा पकड़ने के लिए अपना हाथ बढ़ाती है, हाथी अपनी सूंड को आगे करके उसे ललचाता है और आखिरी पल में पीछे खींच लेता है। यह खेल कई बार दोहराया जाता है। आखिरकार, थक हारकर हाथी बेलचा महिला को सौंप देता है। लेकिन असली मजा तो इसके बाद आता है, जब हाथी अपनी सूंड को ऊपर उठाकर ऐसे घुमाता है, मानो कोई शरारती बच्चा जीत का जश्न मना रहा हो।
पसंद आया लोगों को यह वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर @AMAZlNGNATURE नामक अकाउंट से पोस्ट किया गया है। जिसे अब तक 11 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं, जबकि 31 हजार से अधिक यूजर्स ने लाइक किया है। कमेंट सेक्शन में भी यूजर्स की प्रतिक्रियाएं कमाल की हैं। एक यूजर ने हैरानी जताते हुए पूछा, "क्या सच में हाथियों में मजाक करने की आदत होती है?" दूसरे ने लिखा, "हाथी तो बस थोड़ा फन करना चाहता था।" एक और यूजर ने तारीफ करते हुए कहा, "हाथी कितने इंटेलिजेंट जानवर होते हैं।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
