Viral Video: धार्मिक जुलूसों में हाथी-घोड़ों का शामिल होना परंपरा का हिस्सा होता है, लेकिन जब विशालकाय गजराज का मिजाज अचानक बिगड़ जाए, तो माहौल कितना खौफनाक हो सकता है, इसकी एक बानगी हैदराबाद के पुराने शहर में देखने को मिली। मीरचौक पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एतेबार चौक इलाके में एक वार्षिक धार्मिक जुलूस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जुलूस में चल रहा एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया।
हाथी ने जमकर मचाया तांडव
सोशल मीडिया पर सामने आए इस घटना के वीडियो में रात के समय जुलूस का नजारा देखा जा सकता है। पारंपरिक वस्त्रों और आभूषणों से सजा हाथी सड़क पर चल रहा था, जिसके ऊपर महावत सवार थे। अचानक किसी वजह से हाथी असहज हो गया और तेज रफ्तार से भीड़ की तरफ बढ़ने लगा। हाथी के इस बदली हुई चाल को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात पुलिसकर्मी भी लोगों को रास्ते से हटने का इशारा करते हुए पीछे की ओर भागते नजर आए। जुलूस के बीचों-बीच हाथी के बेकाबू होने से एक पल के लिए ऐसा लगा मानो कोई बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि सड़क पर काफी भीड़ मौजूद थी और आसपास वाहन भी खड़े थे। हालांकि, हाथी के साथ चल रहे अनुभवी महावतों ने संयम नहीं खोया। उन्होंने तुरंत हाथी को शांत करने के लिए जरूरी कदम उठाए और महज कुछ ही मिनटों के भीतर गजराज को पूरी तरह से काबू में कर सुरक्षित रूप से रोक लिया। देखें वीडियो...
दिल दहलाने वाला नजारा
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के मुताबिक, समय रहते हाथी पर नियंत्रण पा लेने की वजह से स्थिति पूरी तरह सुरक्षित रही। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या किसी तरह की संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति सामान्य होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग महावतों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं। इतना ही नहीं इस नजारे को देखकर लोग काफी हैरान भी हैं।
