दिवाली का त्योहार भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में मनाया जाता है। इसी बात को साबित करते सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि दिवाली का त्योहार दुबई में बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस वीडियो को दुबई में रहने वाली एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @lifebetweensweetandsalt से शेयर किया है।
दुबई में मनाई जा रही है दिवाली (Instagram/@lifebetweensweetandsalt)
दुबई में धूमधाम से मनाई जा रही है दिवाली
वीडियो में लड़की दिखा रही है कि कैसे दुबई में लोग दिवाली का त्योहार मना रहे हैं। सभी लोगों के घरों पर रंग-बिरंगी लाइट्स सजेी हुई हैं। शहर की सड़कें और ऊंची इमारतें टिमटिमाती रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजी हुई हैं। दुबई की सड़कों पर स्थित इन घरों में दिवाली की चमक साफतौर पर नजर आ रही है, जो न केवल वहां रहने वाले लोगों को आकर्षित कर रही है बल्कि सोशल मीडिया पर भी छाई हुई है। लड़की के इस वीडियो को खूब व्यूज और लाइक्स मिल रहे हैं।
भारत की रहने वाली है महिला
इस वीडियो में दिख रही महिला का नाम निकिता पंचोली है। निकिता भारत की हैं लेकिन वे दुबई में रहती हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को निकिता ने अपनी कार से फिल्माया है। निकिता ने वीडियो पर एक टेक्स्ट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने लिखा है, "दुबई इज ऑल रेडी फॉर दीवाली।" उनके इस वीडियो टाइटल से भी पता चल रहा है कि दुबई में दिवाली कितने धूमधाम से मनाई जा रही है। निकिता ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "यह वह समय है जब दुबई न केवल उत्सव मनाता है, बल्कि अपनी चमक भी बिखेरता है।"
लोगों को याद आया त्योहारों पर अपना घर
इस वीडियो को देखने के बाद कुछ लोगों के कमेंट्स भी आए, जहां कई लोगों ने अपने घर को याद करते हुए भावुक प्रतिक्रियाएं दीं। जैसे, एक यूजर ने वीडियो पर भावुक होते हुए लिखा, "मुझे कभी-कभी घर की बहुत याद आती है, खासकर त्योहारों के दौरान।" दूसरे ने कहा, "मैंने अपना घर भी देखा।" ऐसे ही कई अन्य लोगों ने भी वीडियो पर कमेंट किए और लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं, जैसे "खूबसूरत, दुबई से शुभकामनाएं, हैप्पी दीवाली।"
