सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन टैलेंट के ऐसे वीडियो वायरल होते हैं, जिन्हें देखकर लोग कुछ देर के लिए रुक जाते हैं। अब अरुणाचल प्रदेश की तीन छोटी बहनों का एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है। पहाड़ों और हरियाली के बीच इन बहनों ने फिल्म 'पति पत्नी और वो' का लोकप्रिय गाना 'एक तू ही यार मेरा' गाया। उनकी मासूम आवाज और आपसी तालमेल ने लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो में तीनों बहनें बेहद सादगी के साथ गाना गाती दिखाई दे रही हैं। न कोई बड़ा स्टूडियो है और न ही किसी तरह का महंगा सेटअप। पीछे नजर आती हैं अरुणाचल प्रदेश की खूबसूरत पहाड़ियां और हरियाली, जबकि सामने तीनों बहनों की प्यारी आवाज सुनाई देती है।
अरुणाचल की तीन बहनों का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@three.sisters_official)
करोड़ों बार देखा गया VIDEO
इस वीडियो (Video) को इंस्टाग्राम के @three.sisters_official अकाउंट पर शेयर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ये तीनों बहनें अरुणाचल प्रदेश के लॉन्गडिंग जिले के वानु गांव की रहने वाली हैं। 'एक तू ही यार मेरा' वाले इस वीडियो को अब तक 1.56 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग लगातार तीनों बहनों की तारीफ कर रहे हैं। कोई उनकी आवाज को प्यारा बता रहा है तो कोई उनकी मासूमियत की तारीफ कर रहा है। कई यूजर्स का कहना है कि पहाड़ों की खूबसूरत लोकेशन के बीच तीनों बहनों की आवाज और भी ज्यादा मनमोहक लग रही है। कुछ लोगों ने लिखा कि ऐसे वीडियो देखकर उनका दिन बन गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पहले भी वायरल हो चुकी हैं तीनों बहनें
ऐसा पहली बार नहीं है जब इन तीनों बहनों ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा हो। इससे पहले भी वे कई लोकप्रिय गानों को अपने अंदाज में गा चुकी हैं। उन्होंने 'ये जवानी है दीवानी' का गाना 'सुभान अल्लाह' और फिल्म 'वॉन्टेड' का गाना भी गाया है। इनकी परफॉर्मेंस की खास बात यह है कि वे अक्सर अरुणाचल की प्राकृतिक सुंदरता के बीच गाना रिकॉर्ड करती हैं। वीडियो में एक बहन स्पीकर के जरिए ओरिजिनल ट्रैक चलाती नजर आती है, जबकि बाकी दोनों उसके साथ सुर मिलाती हैं।
यूजर्स हुए आवाज के फैन
वीडियो वायरल (Video Viral) होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तीनों बहनों की गायकी और उनकी आपसी केमिस्ट्री की तारीफ कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगर कनिका कपूर और नेहा कक्कड़ ने भी इनके वीडियो को लाइक किया है। तीनों बहनों की सादगी, खूबसूरत लोकेशन और सुरीली आवाज का यह मेल लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यही वजह है कि बिना किसी बड़े प्रोडक्शन के बनाया गया यह वीडियो करोड़ों लोगों तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो अक्सर यह दिखाते हैं कि टैलेंट को लोगों तक पहुंचने के लिए हमेशा बड़े मंच या महंगे सेटअप की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी सच्ची कला और मासूमियत ही लोगों का दिल जीतने के लिए काफी होती है।
