गणेश चतुर्थी का त्योहार भारत में तो धूमधाम से मनाया ही जाता है, लेकिन इस बार देश से करीब 15,000 किलोमीटर दूर अंटार्कटिका में भी गणपति बप्पा के जयकारे सुनाई दिए। यहां भारत के मैत्री रिसर्च स्टेशन पर तैनात वैज्ञानिकों ने बर्फ से भगवान गणेश की खूबसूरत मूर्ति बनाई। इसके बाद पूरे विधि-विधान से पूजा की और बेहद अनोखे तरीके से बप्पा का विसर्जन भी किया। इस खास पल का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अंटार्कटिका में गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’ (X/@anirudhdhar)
बर्फ से तैयार किए बप्पा
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशन रिसर्च यानी NCPOR से जुड़े वैज्ञानिकों ने अंटार्कटिका की बर्फ को आकार देकर गणपति बप्पा की मूर्ति तैयार की। इसके बाद मूर्ति को फूलों की माला और छोटी-छोटी सजावट से सजाया गया। अंटार्कटिका में मौजूद वैज्ञानिकों ने मिलकर आरती की और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए। बर्फ से बनी यह मूर्ति देखने में बेहद खास लग रही थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पानी की बाल्टी में किया विसर्जन
इस उत्सव की सबसे खास बात बप्पा का विसर्जन रहा। आमतौर पर गणेश प्रतिमा को नदी, तालाब या समुद्र में विसर्जित किया जाता है। लेकिन अंटार्कटिका में वैज्ञानिकों ने इसके लिए अलग तरीका अपनाया। बर्फ से बनी गणेश जी की मूर्ति को स्टेशन के अंदर पानी से भरी एक बाल्टी में रखा गया। धीरे-धीरे बर्फ पिघलने लगी और मूर्ति पानी में मिल गई। इस तरह बिना किसी बाहरी सामग्री के विसर्जन पूरा किया गया।
घर से हजारों KM दूर भी नहीं भूले परंपरा
इस वीडियो को डॉ. अनिरुद्ध धर ने सोशल मीडिया (Social Media) पर शेयर किया। वह मैत्री रिसर्च स्टेशन पर डॉक्टर के तौर पर तैनात हैं। उन्होंने इस खास आयोजन को लेकर बताया कि घर से हजारों किलोमीटर दूर रहते हुए भी वैज्ञानिकों ने गणेश चतुर्थी की परंपरा को बनाए रखा। वैज्ञानिकों ने पूजा के बाद प्रसाद के रूप में हाथ से बनाए गए मोदक भी बांटे। इससे अंटार्कटिका में भी उन्हें घर और देश जैसा माहौल महसूस हुआ।
वीडियो देखकर खुश हुए लोग
वीडियो में वैज्ञानिकों को मूर्ति बनाते, पूजा करते और फिर विसर्जन करते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस अनोखे अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं। कई लोग बर्फ से बनी गणेश प्रतिमा को देखकर इसे बेहद क्रिएटिव बता रहे हैं। अंटार्कटिका जैसी बेहद ठंडी और कठिन जगह पर रहकर वैज्ञानिकों ने जिस तरह त्योहार मनाया, वह इस वीडियो को खास बना देता है। बर्फ से बने बप्पा और उनका पानी में धीरे-धीरे विसर्जित होना इस गणेश उत्सव को लंबे समय तक याद रखने वाला पल बना गया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
