Ajab Gajab: देश में इन दिनों गर्मी का तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लोग तरह-तरह के तरीकों से गर्मी से बचाव करने में लगे हैं। कोई जुगाड़ लगाकर कूलर बना रहा है तो जुगाड़ लगाकर कमरे को ठंडा करने में लगा हुआ है। लेकिन इन दिनों मुंबई के एक शख्स का कारनाम चर्चा में है। दरअसल, उसने गर्मी से बचने के लिए ऐसी तरकीब निकाली जिसे सुनने के बाद हर कोई चौंक गया। मुंबई के इस शख्स ने केवल 45 दिनों में 300 से अधिक आइसक्रीम का ऑर्डर देकर Swiggy को भी चौंका दिया। इस बात का खुलासा खुद स्विगी ने अपनी एक रिपोर्ट में किया है।
Swiggy की रिपोर्ट हुई वायरल
हिन्दुस्तान टाइम्स ने स्विगी का हवाला देते हुए बताया है कि, उन्होंने (स्विगी) हाल ही में एक रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि, पिछले वर्ष की तुलना में आइसक्रीम की मांग में 16% की वृद्धि हुई है क्योंकि भीषण गर्मी के साथ बढ़ते तापमान से जूझ रहा है। फ्रीज़ आइटम्स में चॉकलेट लोगों का पसंदीदा आइटम नजर आ रहा है। हालांकि इसकी गिनती गर्मियों के फल आम के बाद होती है। शीर्ष लीग में स्थान हासिल करने वाले अन्य फूड आइटम्स में नारियल, बादाम और वनीला आइस्क्रीम शामिल हैं। इस रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि, जहां एक ओर मुंबई ने फ्रूट फ्लेवर आइस्क्रीम के सबसे ज्यादा ऑर्डर दिए तो वहीं हैदराबाद ने नट्स से भरपूर आइस्क्रीम को प्राथमिकता दी।
बड़े ऑर्डर्स की आई सुनामी
कथित तौर पर दावा है कि, 1 मार्च से 15 अप्रैल के बीच शाम 7 बजे से आधी रात तक स्विगी पर 6.9 लाख से अधिक आइसक्रीम ऑर्डर दिए गए और सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगभग 4.6 लाख ऑर्डर दिए गए। बेंगलुरु की बात करें तो वहां इस समय लोग भीषण गर्मी के संकट से जूझ रहे हैं। वहां नाश्ते के समय से ही लोग आइस्क्रीम खाना शुरू कर दे रहे हैं। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक कुल 80,000 आइसक्रीम का ऑर्डर देकर बेंगलुरु इस लिस्ट में टॉप पर रहा। वैसे आपको बता दें कि, इन सबके अलावा चिलचिलाती गर्मी के बीच हेल्थ कॉन्शियस लोगों ने शाकाहारी आइसक्रीम का ऑर्डर दिया, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में 70% की वृद्धि देखी गई। रिपोर्ट में मेट्रो सिटीज के आइसक्रीम पार्लरों के बारे में भी बताया गया है। इसमें नैचुरल्स आइस्क्रीम मेट्रो शहरों में टॉप पर है। अधिकांश ऑर्डर मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद से आए। वहीं, हैदराबाद में क्रीम स्टोन आइस्क्रीम लोगों का फेवरेट है।
(डिस्क्लेमर: ये रिपोर्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। आंकड़े और दावे भी सोशल मीडिया पर वायरल रिपोर्ट के मुताबिक बताए गए हैं। हालांकि टाइम्स नाउ नवभारत ऐसे किसी वायरल दावे, तथ्य और आंकड़ों की पुष्टि नहीं करता है।)
