Electric Toothbrush Explosion: ब्रिटेन के मैनचेस्टर की 33 वर्षीय शार्लोट बोवर्स के साथ एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शार्लोट का दावा है कि उनका इलेक्ट्रिक टूथब्रश अचानक फट गया और उसमें आग लग गई, जबकि वह चार्ज पर भी नहीं लगा हुआ था। इस हादसे के बाद वह खुद को “जिंदा बचने के लिए भाग्यशाली” मानती हैं। शार्लोट ने मई 2025 में एक इलेक्ट्रिक टूथब्रश खरीदा था और करीब आठ महीने तक उसे बिना किसी समस्या के इस्तेमाल करती रहीं। लेकिन फरवरी 2026 की एक सुबह जब वह उठीं और बाथरूम में गईं, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गईं।
बिना चार्ज के फटा इलेक्ट्रिक टूथब्रश (Photo: iStock)
साफ दिखाई दे रहे थे बाथरूम में धुएं के निशान
उनका टूथब्रश पूरी तरह जला हुआ था और बाथरूम में धुएं के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। उन्होंने बताया कि टूथब्रश को उन्होंने सिंक के पास एक बर्तन में रखा हुआ था और वह उस समय चार्जिंग पर भी नहीं था। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, ऐसे में उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ। शार्लोट के मुताबिक, “कोई चेतावनी नहीं थी। यह पहले बिल्कुल ठीक काम कर रहा था।” इस घटना के दौरान घर की बिजली भी चली गई थी, लेकिन रात में उन्हें कोई आवाज सुनाई नहीं दी। सबसे राहत की बात यह रही कि बाथरूम में लगे शीशे के स्टील फ्रेम ने आग को आगे फैलने से रोक दिया।
कंपनी ने केवल 46 डॉलर या नया टूथब्रश देने की पेशकश की
शार्लोट का कहना है कि अगर ऐसा नहीं होता, तो आग पूरे घर में फैल सकती थी और उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी। आग की वजह से बाथरूम में काफी नुकसान हुआ। दीवारें काले धुएं से भर गईं और एक्सट्रैक्टर फैन भी खराब हो गया। इसके बाद शार्लोट और उनके साथी को पूरा बाथरूम दोबारा पेंट करवाना पड़ा, जिसमें उन्हें करीब 267 डॉलर खर्च करने पड़े। शार्लोट ने इस मामले में कंपनी से शिकायत की और उनसे मुआवजा मांगा। लेकिन उनका कहना है कि कंपनी ने केवल 46 डॉलर या नया टूथब्रश देने की पेशकश की, जो उन्हें बिल्कुल भी उचित नहीं लगी। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ इतना चाहती हूं कि वे मेरे नुकसान की भरपाई करें, मैं ज्यादा कुछ नहीं मांग रही।”
इस घटना के बाद शार्लोट ने फैसला किया है कि वह अब कभी इलेक्ट्रिक टूथब्रश का इस्तेमाल नहीं करेंगी। उनका कहना है कि यह जोखिम उठाने लायक नहीं है। वहीं कंपनी की ओर से कहा गया है कि उन्हें इस घटना का दुख है और वे सुरक्षा मामलों को गंभीरता से लेते हैं। हालांकि उनका कहना है कि बिना चार्ज के पड़े ऐसे उपकरण में आग लगने की संभावना बहुत कम होती है। यह घटना लोगों के लिए एक चेतावनी की तरह है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ हमेशा सतर्क रहना जरूरी है, चाहे वे कितने ही सुरक्षित क्यों न माने जाते हों।
