Ajab Gajab: फिल्म 'हेरा फेरी' का वो मशहूर डायलॉग तो आपको याद ही होगा कि 'देने वाला जब भी देता, देता छप्पर फाड़ के'। इस कहावत को बेल्जियम की एक घटना ने बिल्कुल सच साबित कर दिया है। आमतौर पर समर जॉब यानी गर्मियों की छुट्टियों में छात्र पॉकेट मनी कमाने के लिए कैफे में कॉफी सर्व करते हैं या छोटे-मोटे ऑफिस के काम संभालते हैं, लेकिन बेल्जियम में एक 18 साल के छात्र के साथ कुछ ऐसा हुआ जिसके बारे में उसने कभी सपनों में भी नहीं सोचा होगा।
खुदाई के दौरान मिला खजाना (तस्वीर साभार- AI)
यह दिलचस्प मामला ब्रुसेल्स से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित 'सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे' इलाके का है। अगस्त 2026 में एक पुरानी शराब बनाने वाली फैक्ट्री की जगह पर रेनोवेशन और सीवेज पाइपलाइन का काम चल रहा था। कंस्ट्रक्शन कंपनी के लिए काम कर रहे कोबे नामक छात्र और उसके साथी जब इमारत की नींव और दीवारों का मलबा हटा रहे थे, तो उन्हें कुछ धातु के टुकड़े मिले। शुरुआत में उन्हें लगा कि ये कोई साधारण पुराने सिक्के या लोहे के टुकड़े होंगे। लेकिन, जैसे-जैसे उन्होंने और गहराई में खुदाई की, उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं। दीवारों की चिनाई के अंदर एक बैग छिपाकर रखा गया था, जिसमें लगभग 49 सोने की ईंटें और हजारों कीमती प्राचीन सिक्के भरे हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस पूरे खजाने की कीमत करीब 99 करोड़ रुपये (11.7 मिलियन यूरो) आंकी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, यह जगह 19वीं सदी के आखिर में थियोफिलस वैन एशे नाम के एक अमीर और रईस शराब कारोबारी के लिए बनाई गई थी। इस प्रॉपर्टी पर 1899 से 1970 तक शराब बनाने का काम चला।
सच्चाई ने सबको चौंकाया
दशकों बीतने के बाद यह संपत्ति बदलती रही और हाल ही में यह पुरानी ब्रूअरी 'CAW ओस्ट-व्लांडेरेन' नामक एक सामाजिक कल्याण संस्था के पास चली गई। संस्था इस पुरानी इमारत को नए ऑफिस और रेजिडेंशियल स्पेस में बदलने के लिए रेनोवेशन करवा रही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस दीवार को वे गिरा रहे हैं, उसके पीछे सदियों पुराना राज दफन है। इतनी भारी मात्रा में सोना मिलने के बाद किसी का भी ईमान डगमगा सकता था, लेकिन इन युवा मजदूरों ने लालच में आने के बजाय समझदारी का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कंपनी के मालिकों और स्थानीय पुलिस को दी।पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस बेशकीमती खजाने को ब्रुसेल्स की एक सुरक्षित सरकारी तिजोरी में पहुंचा दिया। अब सवाल यह उठता है कि आखिर 99 करोड़ रुपये के इस सोने का असली मालिक कौन है? ईस्ट फ्लैंडर्स पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के अनुसार, इस खजाने के मालिकाना हक को लेकर लंबी कानूनी लड़ाई शुरू हो चुकी है। इसके कई दावेदार सामने आ सकते हैं। फिलहाल, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
