Viral Video Today: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पारंपरिक सफेद 'धोती-कुर्ता'और टोपी पहने 93 साल के बुजुर्ग जब ज्वेलरी शोरूम दाखिल हुए तो कर्मचारियों को लगा कि वह आर्थिक मदद मांगने आए हैं। जब बुजुर्ग व्यक्ति ने 1120 रुपये देकर अपने साथ आई अपनी पत्नी के लिए मंगलसूत्र खरीदने की इच्छा व्यक्त की तो दुकान मालिक ने उनके इस प्रेम भाव से अभिभूत होकर उन्हें मात्र 20 रुपये में यह आभूषण दे दिया।
वायरल वीडियो महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर का बताया गया है। (Photo/Twitter)
पत्नी के प्रति प्रेम की प्रशंसा
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो दो करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया पर लोगों ने बुजुर्ग व्यक्ति के अपनी पत्नी के प्रति प्रेम की प्रशंसा की है। दरअसल जालना जिले के अंभोरा जहांगीर गांव के एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाले निवृत्ति शिंदे और उनकी पत्नी शांताबाई आषाढ़ी एकादशी उत्सव के लिए पंढरपुर की पैदल तीर्थयात्रा पर हैं।
छत्रपति संभाजीनगर का मामला
वे हाल में छत्रपति संभाजीनगर स्थित आभूषण की दुकान पर गए थे। वे जब दुकान में दाखिल हुए तो कर्मचारियों ने शुरू में सोचा कि वे मदद या भीख मांगने आए हैं। लेकिन जब बुजुर्ग पुरुष ने विनम्रतापूर्वक बताया कि वह अपनी पत्नी के लिए मंगलसूत्र खरीदना चाहता है तो वे भावुक हो गए। शिंदे के सरल लेकिन गहरे प्रेम से प्रभावित होकर दुकान के मालिक ने दंपति को केवल 20 रुपये में मंगलसूत्र दे दिया।
यहां एक्स पर देखें वीडियो
दुकान मालिक ने कहा कि दंपति दुकान में दाखिल हुआ और बुजुर्ग पुरुष ने मुझे 1,120 रुपये दिए और कहा कि वह अपनी पत्नी के लिए मंगलसूत्र खरीदना चाहते हैं। मैं उनके इस भाव से अभिभूत हो गया। मैंने आशीर्वाद के तौर पर उनसे केवल 20 रुपये लिए और दंपति को मंगलसूत्र दे दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह दंपति हमेशा साथ-साथ यात्रा करता है। उनका एक बेटा भी है, लेकिन वे ज्यादातर स्वयं ही अपनी देखभाल करते हैं। (एजेंसी इनपुट)
