Viral Video: भारतीय संस्कृति और आस्था की गूंज अब सात समंदर पार भी नए कीर्तिमान रच रही है। इंडोनेशिया के खूबसूरत द्वीप बाली में भगवान गणेश की एक ऐसी भव्य और विशालकाय प्रतिमा तैयार की गई है, जिसने अपनी अद्भुत कारीगरी और आकार के दम पर सीधे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बना ली है। बाली के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल 'आलस हारुम' में स्थापित यह प्रतिमा अब आधिकारिक तौर पर दुनिया की सबसे ऊंची 'सपोर्टेड सिंथेटिक-रतन' से बनी मूर्ति बन गई है।
50 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा
इस विशालकाय गणेश प्रतिमा की कुल ऊंचाई 15.315 मीटर (लगभग 50.24 फीट) है। इसे देख हर कोई दंग रह जाता है क्योंकि इसके निर्माण में पारंपरिक पत्थर, सीमेंट या धातु के बजाय सिंथेटिक रतन का इस्तेमाल किया गया है। यह एक बेहद मजबूत और टिकाऊ मटेरियल है, जो देखने में बिल्कुल प्राकृतिक बेंत या बांस जैसा लगता है और हर मौसम की मार झेलने में सक्षम है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी प्रतिमा को मशीनों से नहीं, बल्कि 126 स्थानीय बालिनी कारीगरों ने अपने हाथों से बारीकी से बुनकर तैयार किया है। प्रतिमा के मुकुट की नक्काशी से लेकर भगवान गणेश के हाथ में विराजमान मोदक, फरसा और आभूषणों की बनावट तक, हर हिस्से में कारीगरों का समर्पण और कलात्मक कौशल साफ झलकता है। इस ऐतिहासिक कलाकृति का एक शानदार वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रहा है। वीडियो के शुरुआती ड्रोन शॉट में बाली के घने, हरे-भरे उष्णकटिबंधीय जंगलों और सीढ़ीदार खेतों के बीच विराजमान गजानन का विहंगम दृश्य किसी अजूबे से कम नहीं लगता। देखें वीडियो...
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
अनावरण समारोह के दौरान बाली की समृद्ध सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली। पारंपरिक बालिनी वाद्ययंत्रों की मधुर धुन, सिर पर फलों की ऊंची टोकरी रखकर नृत्य करती महिलाएं, पारंपरिक मुखौटा नृत्य और रात के अंधेरे में कलाकारों का हैरतअंगेज 'फायर शो' इस आयोजन को और भी दिव्य बना रहा था। समारोह में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक निर्णायक ने मंच पर पहुंचकर आयोजकों और कारीगरों को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र सौंपा। इंडोनेशिया के बाली में हिंदू संस्कृति की गहरी जड़ें हैं और वहां भगवान गणेश को ज्ञान, बुद्धि और विघ्नहर्ता के रूप में अत्यंत श्रद्धा के साथ पूजा जाता है। आलस हारुम बाली की यह पहल न केवल स्थानीय शिल्पकारों की सदियों पुरानी बुनाई कला को वैश्विक मंच प्रदान करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे भारत की सांस्कृतिक विरासत सीमाओं से परे जाकर पूरी दुनिया को जोड़ने का काम कर रही है।
