गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल की फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ (Little Thomas) का पहला गाना ‘दो गुना जिंदगी’ रिलीज हो गया है। जंगली म्यूजिक (Junglee Music) ने ये गाना रिलीज किया है, जो टाइम्स म्यूजिक का एक डिविजन है। गाने में गोवा के मिरांडा परिवार की छोटी-छोटी खुशियां, उम्मीदें और बेहतर जिंदगी की चाह देखने को मिलती है। गाने में सात साल का थॉमस अपने छोटे भाई के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। राघव मेयाटिल की आवाज में सजे इस गाने को आदित्य एन. और नयनतारा भाटकल ने कंपोज किया है, जबकि बोल सुरेश भाटिया ने लिखे हैं। गाने की शूटिंग गोवा के फोंटेनहास, अल्टिन्हो, सालिगाओ और मारगांव जैसे इलाकों में हुई है। ‘दो गुना जिंदगी’ में गोवा की बेफिक्र ‘सुसेगाद’ लाइफस्टाइल और पुराने पुर्तगाली घरों से लेकर चर्च के मैदानों तक की खूबसूरत झलक मिलती है। कौशल ओझा के निर्देशन में बनी ‘लिटिल थॉमस’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।