Mathura Crime: मथुरा में एक बारात के चढ़त समारोह के दौरान बदमाशों ने दूल्हे के दादा से लाखों रुपये और गहनों से भरा बैग छीन लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कैसे हुई वारादत
घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके की है। हरियाणा के बल्लभगढ़ से परमवीर सिंह अपने बेटे कपिल की बारात लेकर मथुरा पहुंचे थे। बारात के स्वागत के बाद चढ़त की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान नकदी और गहनों से भरा बैग परमवीर सिंह के चाचा गोपाल सिंह के पास था। बताया गया कि बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण थे। बारात जैसे ही बड़े होटल के सामने से आगे बढ़ी, गोपाल सिंह साइड में खड़े होकर अपने साथी का इंतजार कर रहे थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश तेज रफ्तार से आए और पलभर में गोपाल सिंह के हाथ से बैग छीनकर वहां से भाग निकले। गोपाल सिंह ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग उनकी मदद के लिए पहुंचते, तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
पुलिस की जांच जारी
पीड़ित परिवार के अनुसार बैग में रखी ज्वेलरी दुल्हन को चढ़त में पहनाने के लिए लाई गई थी। दूल्हे के पिता परमवीर सिंह ने बताया कि उनके चाचा ने बैग बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ितों से जानकारी ली और इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। हालांकि देर रात तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी।
