Ayodhya Accident News: अयोध्या दर्शन के लिए मध्यप्रदेश के रीवा से निकले श्रद्धालुओं का सफर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के प्रयागराज हाईवे पर कल्याण भदरसा गांव स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल के पास बोलेरो और सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राला में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्राला मसौधा चीनी मिल में गन्ना उतारकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो उससे आमने-सामने भिड़ गई। जोरदार टक्कर से बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी 11 यात्री घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पूराकलंदर थाना पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि आठ घायलों का उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि बोलेरो और ट्रैक्टर-ट्राला को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। तीन श्रद्धालुओं की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुजफ्फरनगर में भी टकराई गाड़ियां
घने कोहरे के कारण गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित पानीपत-खटीमा मार्ग पर एक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया, जिसके बाद देखते ही देखते स्कूल वाहन सहित छह गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसे में कई लोगों को मामूली चोटें आईं और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। कार सवार उपेंद्र कुमार ने बताया कि कोहरे और फैक्ट्रियों से उठे धुएं के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे ड्राइवर नियंत्रण खो बैठे और दुर्घटना हो गई।
