कई बार ऐसा होता है कि हम घर में काफी कम डिवाइस चला रहे होते हैं फिर भी बिजली का बिल उम्मीद से ज्यादा आ जाता है। बिजल बिल अधिक आने की वजह से सिर्फ बिजली का ज्यादा इस्तेमाल करना ही नहीं होता है। कई बार मीटर में गड़बड़ी की वजह से अधिक बिजली बिल आने लगता है। इसके अलावा ऐसा भी हो सकता है कि मीटर की रियल रीडिंग लेने के बजाय अनुमान के आधार पर बिल बना दिया गया हो।
अगर आप खुद से मीटर रीडिंग को जमा करते हैं तो सही बिल पाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। (फोटो क्रेडिट-iStock)
ऐसी स्थिति या फिर परेशानी से बचने के लिए सबसे बढ़िया तरीका यह है कि खुद से बिजली मीटर की रीडिंग को जमा करें। अगर आपके इलाके का बिजली विभाग या DISCOM यह सुविधा देता है, तो आप मीटर की मौजूदा रीडिंग की फोटो लेकर ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं।
इससे बिल बनाने के लिए वास्तविक मीटर रीडिंग का इस्तेमाल होने की संभावना बढ़ जाती है और आपको अपनी बिजली खपत पर भी बेहतर नजर रखने में मदद मिलती है। आइए आपको इसका पूरा तरीका बताते हैं।
इससे क्या फायदा होगा?
- अनुमान के आधार पर ज्यादा बिल आने की समस्या से बचने में मदद मिल सकती है।
- मीटर की वास्तविक रीडिंग बिजली विभाग तक पहुंचाई जा सकती है।
- अपनी महीने की बिजली खपत को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं।
- बिल में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर वास्तविक मीटर रीडिंग आपके काम आ सकती है।
- बिजली के खर्च का बेहतर तरीके से हिसाब रखा जा सकता है।
खुद मीटर रीडिंग कैसे सबमिट करें?
अगर आपके DISCOM में सेल्फ मीटर रीडिंग की सुविधा उपलब्ध है, तो आमतौर पर ये स्टेप्स फॉलो किए जा सकते हैं:- सबसे पहले अपने बिजली विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप खोलें।
- अपनी Consumer ID, Account Number या संबंधित जानकारी से लॉग इन करें।
- वहां 'Self Meter Reading' या इसी तरह का विकल्प खोजें।
- अपने बिजली मीटर की ऐसी साफ फोटो लें, जिसमें मीटर की मौजूदा रीडिंग साफ दिखाई दे।
- फोटो में kWh/यूनिट की रीडिंग एकदम सही से दिखनी चाहिए।
- वेबसाइट या ऐप में मीटर पर दिखाई दे रही रीडिंग दर्ज करें।
- फोटो अपलोड करने के बाद जानकारी को एक बार अच्छी तरह चेक करें।
- अब इसे निर्धारित समय सीमा के अंदर सबमिट कर दें।
रीडिंग कब भेजनी चाहिए?
सेल्फ मीटर रीडिंग किसी भी समय भेजने के बजाय अपने DISCOM की तय मासिक बिलिंग विंडो के दौरान जमा करनी चाहिए। हर बिजली वितरण कंपनी के नियम और रीडिंग जमा करने की तारीख अलग हो सकती है। इसलिए अपने स्थानीय DISCOM की वेबसाइट या ऐप पर दी गई समय सीमा जरूर देखें।हर बिजली उपभोक्ता के लिए सेल्फ मीटर रीडिंग की सुविधा उपलब्ध हो, यह जरूरी नहीं है। यह आपके स्थानीय DISCOM की व्यवस्था पर निर्भर करता है। साथ ही, मीटर की फोटो साफ और पूरी होनी चाहिए, ताकि रीडिंग आसानी से देखी जा सके। रीडिंग भेजने के बाद फोटो और सबमिशन से जुड़ी जानकारी अपने पास रखना भी उपयोगी हो सकता है।
