भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने पुराने mAadhaar एप को बंद कर दिया है। UIDAI ने 30 जून से mAadhaar एप को डिस्कंटीन्यू करने की जानकारी दी और यूजर्स को नए Aadhaar App पर शिफ्ट होने की सलाह दी है।
UIDAI ने पुराने mAadhaar एप को बंद कर दिया है। (Photo: X handle/@UIDAI)
UIDAI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि mAadhaar एप अब रिटायर हो रहा है और यूजर्स नए Aadhaar App को डाउनलोड कर सकते हैं। नया एप ज्यादा प्राइवेसी फोकस्ड प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया गया है, जिसमें यूजर्स आधार से जुड़ी कई सेवाओं का इस्तेमाल मोबाइल से कर सकेंगे।
नया Aadhaar App क्या है?
नया Aadhaar App आधार नंबर धारकों (Aadhaar Number Holders) के लिए एक सुरक्षित और पेपरलेस डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसकी मदद से यूजर्स अपनी पहचान को डिजिटल तरीके से वेरिफाई कर सकते हैं, आधार की कुछ जानकारियां अपडेट कर सकते हैं और कई आधार सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। UIDAI के अनुसार लॉन्च के कुछ ही महीनों में Aadhaar App के 3.1 करोड़ से ज्यादा डाउनलोड हो चुके हैं। वहीं लाखों यूजर्स इस एप के जरिए मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर चुके हैं।
Aadhaar App के नए फीचर्स
नए Aadhaar App में कई सुविधाएं दी गई हैं, जिनमें शामिल हैं:
- मोबाइल नंबर और पता अपडेट करने की सुविधा
- e-Aadhaar डाउनलोड करने का विकल्प
- QR कोड के जरिए चुनिंदा आधार जानकारी शेयर करना
- डिजिटल कॉन्टैक्ट कार्ड शेयर करना
- आधार सेवा केंद्र के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुकिंग
- आधार अपडेट रिक्वेस्ट को ट्रैक करने की सुविधा
- Aadhaar App कैसे डाउनलोड करें और रजिस्टर करें?
रजिस्ट्रेशन के लिए:
- Google Play Store या Apple App Store से एप डाउनलोड करें
- अपनी भाषा चुनें
- आधार नंबर दर्ज कर नियम और शर्तें स्वीकार करें
- आधार से लिंक मोबाइल SIM चुनें
- फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें
- छह अंकों का PIN सेट करें
इसके बाद आप एप में लॉगिन कर आधार सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Aadhaar App से मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें?
मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया इस बात पर निर्भर करेगी कि एप में इस्तेमाल किया गया नंबर और आधार से जुड़ा नंबर एक ही है या नहीं। अगर दोनों नंबर एक हैं तो OTP वेरिफिकेशन, फेस ऑथेंटिकेशन और निर्धारित फीस जमा करने के बाद मोबाइल नंबर अपडेट किया जा सकता है।
अगर एप में अलग मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन है, तो पुराने आधार लिंक नंबर और नए नंबर दोनों का OTP वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन और फीस भुगतान के जरिए प्रक्रिया पूरी होगी। अगर आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या पुराने नंबर तक पहुंच नहीं है, तो आपको नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाना होगा। पहली बार मोबाइल नंबर लिंक करने की सुविधा एप से उपलब्ध नहीं है।
Aadhaar App से पता कैसे अपडेट करें?
नए एप के जरिए यूजर्स वैध दस्तावेजों की मदद से अपना पता ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं।
इसके लिए:
- छह अंकों के PIN से लॉगिन करें
- Services और Address Update सेक्शन में जाएं
- जरूरी दस्तावेज JPG, PNG या PDF फॉर्मेट में अपलोड करें
- नया पता दर्ज करें
- अंग्रेजी और स्थानीय भाषा में जानकारी जांचें
- फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें
- 75 रुपये फीस जमा करें
रिक्वेस्ट सबमिट होने के बाद यूजर को एक स्लिप मिलेगी, जिसमें Service Request Number (SRN) होगा। इससे अपडेट स्टेटस को ट्रैक किया जा सकेगा।
QR कोड से सुरक्षित तरीके से शेयर कर सकेंगे जानकारी
Aadhaar App में QR कोड आधारित डिजिटल वेरिफिकेशन सुविधा भी दी गई है। इसका इस्तेमाल होटल चेक-इन, अस्पताल में एडमिशन, एयरपोर्ट एंट्री या सर्विस पार्टनर की पहचान जांचने जैसे मामलों में किया जा सकता है। यूजर एप में लॉगिन करके Share Contact सेक्शन में जाकर QR कोड दिखा सकते हैं। दूसरा व्यक्ति इसे स्कैन करके नाम और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी सेव कर सकता है।
