आजकल बिजली का बिल कम करने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। एक बार सोलर सिस्टम लग जाने के बाद लंबे समय तक बिजली के खर्च में बचत होती है। लेकिन इसके साथ एक जोखिम भी जुड़ा रहता है। तेज आंधी, तूफान, भारी बारिश, आग लगने, आसमानी बिजली गिरने या चोरी जैसी घटनाओं से सोलर पैनल खराब हो सकते हैं। कई बार पूरा सिस्टम ही बेकार हो जाता है और उसे दोबारा लगवाने में हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
सोलर पैनल का भी करवा सकते हैं इंश्योरेंस। (फोटो क्रेडिट-iStock)
ऐसे में लोगों की सालों की बचत पर पानी फिर सकता है। इसी तरह के आर्थिक नुकसान से बचने के लिए अब सोलर पैनल का बीमा कराने की सुविधा भी शुरू हो गई है। इस बीमा के तहत सोलर पैनल के साथ उससे जुड़े दूसरे उपकरणों को भी सुरक्षा मिल सकती है। यानी अगर किसी हादसे में आपके सोलर सिस्टम को नुकसान पहुंचता है, तो पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक बीमा कंपनी से आर्थिक मदद मिल सकती है।
इस कंपनी ने शुरू की इंश्योरेंस की सुविधा
बीमा कंपनी Policybazaar ने अपने बीमा पार्टनर्स के साथ मिलकर सोलर पैनल इंश्योरेंस की सुविधा शुरू की है। ग्राहक इस बीमा को ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इसके लिए उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी। घर बैठे कंपनी की वेबसाइट पर जाकर पॉलिसी ली जा सकती है।
इस बीमा में सिर्फ सोलर पैनल ही नहीं, बल्कि इन्वर्टर, बैटरी और पैनल लगाने में इस्तेमाल होने वाले स्टैंड को भी शामिल किया जा सकता है। यानी पूरे सोलर सिस्टम की सुरक्षा के लिए बीमा कराया जा सकता है।
कितने रुपये तक का बीमा करा सकते हैं?
इस पॉलिसी की अवधि एक साल की होगी। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से 10 हजार रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक का बीमा करा सकते हैं। बीमा का प्रीमियम दो बातों पर निर्भर करेगा। पहली, आप कितनी रकम का बीमा करवा रहे हैं और दूसरी, आपका पिन कोड क्या है। यानी अलग-अलग शहरों और इलाकों में बीमा की कीमत अलग हो सकती है।
2 लाख के बीमा पर कितना देना होगा प्रीमियम?
सोल पैनल के बीमा पॉलिसी का प्रीमियम अलग अलग है। अगर आप 2 लाख रुपये के बीमा कराते हैं तो इसके लिए करीब 1,030 रुपये का प्रीमियम देना होगा। वहीं अगर आप 3 लाख रुपये का बीमा कराते हैं तो इसके लिए 1,546 रुपये का प्रीमियम देना होगा। वहीं अगर आप 5 लाख रुपये का बीमा कराते हैं तो इसके लिए आपको 2,576 रुपये का प्रीमियम देना होगा। ध्यान रखें कि ये कीमतें दिल्ली के कुछ पिन कोड के हिसाब से बताई गई हैं। आपके इलाके में प्रीमियम की रकम अलग हो सकती है। आपको बता दें कि यहां हमने जो बीमा इंश्योरेंस का प्रीमियम बताया है वह दिल्ली के आधार पर है।
किन वजहों से सोलर पैनल खराब होने पर मिलेगा पैसा?
- आग लगने से सोलर पैनल को नुकसान।
- आसमान से बिजली गिरने पर नुकसान।
- आंधी, तूफान या चक्रवात से नुकसान।
- सोलर पैनल या सिस्टम की चोरी।
- बाहर से कोई चीज टकराने के कारण नुकसान।
हालांकि आपको इस बात का ध्यान रखना होगा इंश्योरेंस लेने के बाद यह जरूरी नहीं है कि आपको हर तरह की खराबी के लिए बीमा का पैसा मिल जाएगा। इसलिए पॉलिसी खरीदने से पहले आपको सभी शर्तों को अच्छे से समझ लेना चाहिए।
दुकान और फैक्ट्री के लिए भी बीमा
यह बीमा पूरे देश में घरों की छत पर लगे सोलर सिस्टम के लिए उपलब्ध होगा। इसके अलावा दुकान, ऑफिस और फैक्ट्री में लगे सोलर सिस्टम के लिए भी अलग से कमर्शियल इंश्योरेंस की सुविधा मिल सकती है।
सोलर पैनल का बीमा लेते समय इन 4 बातों का रखें ध्यान
- बीमा की रकम तय करते समय सिर्फ पैनल की कीमत न देखें। इन्वर्टर, बैटरी और दूसरे जरूरी सामान की कीमत भी जोड़ें, ताकि नुकसान होने पर पर्याप्त रकम मिल सके।
- पॉलिसी में मशीन की अंदरूनी खराबी या पुराना होने के कारण होने वाले नुकसान पर बीमा मिलता है या नहीं, इसकी जानकारी पहले ही ले लें।
- बीमा लेने से पहले पता कर लें कि नुकसान होने पर क्लेम के लिए कौन-कौन से दस्तावेज देने होंगे। साथ ही यह भी जानें कि नुकसान की स्थिति में कितना खर्च आपको अपनी जेब से उठाना पड़ेगा।
- सिर्फ कम कीमत देखकर बीमा न खरीदें। अपने पिन कोड के हिसाब से अलग-अलग कंपनियों के प्रीमियम, कवर और नियमों की तुलना करें। इसके बाद ही अपने लिए सही पॉलिसी चुनें।
