FASTag KYV Latest Update: हाईवे पर सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए नए साल की शुरुआत में बड़ी राहत की खबर आई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने ऐलान किया है कि, 1 फरवरी 2026 से जारी होने वाले नए FASTag पर कार, जीप और वैन चालकों को अब KYV (Know Your Vehicle) प्रक्रिया की झंझट से पूरी तरह छुटकारा मिलेगा। पहले FASTag लगाने के बाद भी वाहन मालिकों को बार-बार KYV के लिए परेशान होना पड़ता था, भले ही उनके पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद हों। अब NHAI ने इस परेशानी को खत्म करते हुए KYV प्रक्रिया को पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है।
NHAI ने KYV की झंझट को किया खत्म
KYV कराने की जरूरत नहीं
सिर्फ नए FASTag यूजर्स के लिए ही नहीं, बल्कि पहले से जारी FASTag रखने वाले कार मालिकों के लिए भी राहत की घोषणा की गई है। अब नियमित रूप से KYV (Know Your Vehicle) कराने की जरूरत नहीं रहेगी। सिर्फ तब ही कार्रवाई होगी जब FASTag गलत तरीके से जारी हो, टैग ढीला हो या कोई शिकायत/गड़बड़ी सामने आए। यदि कोई समस्या नहीं है, तो न तो KYV की प्रक्रिया होगी, न कॉल, न दौड़-धूप। इस फैसले से यूजर्स को बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही NHAI ने बैंकों के लिए भी नियम और कड़े कर दिए हैं, ताकि FASTag सिस्टम सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बना रहे।
ऑनलाइन खरीदे गए FASTag पर होगा ये नियम लागू
FASTag तभी सक्रिय होगा जब वाहन की पूरी जानकारी VAHAN डेटाबेस में पुष्टि हो जाए। एक बार FASTag एक्टिव होने के बाद किसी तरह की अतिरिक्त वेरिफिकेशन की आवश्यकता नहीं होगी। यदि VAHAN में गाड़ी का विवरण नहीं मिलता, तो पहले RC के आधार पर जांच करनी होगी। यह नियम ऑनलाइन खरीदे गए FASTag पर भी लागू होगा। यानी अब पूरी जिम्मेदारी पहले बैंक की होगी, जिससे बाद में ग्राहक को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। NHAI का यह फैसला FASTag सिस्टम को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल, तकनीकी रूप से सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल शिकायतों में कमी आएगी, बल्कि हाईवे पर यात्रा भी आसान और टेंशन फ्री हो जाएगी।
