Smartphone Sale: अगर आप भी अपना मोबाइल फोन चेंज करना चाहते हैं और नया मोबाइल खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर सिर्फ आपके लिए ही है। जी हां, बहुत जल्द मोबाइल फोन के दाम काफी कम हो सकते हैं। लेकिन इसके लिए आपको थोड़ा-सा इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, देश में बिजनेस करने वाली तमाम मोबाइल फोन कंपनियां, ई-कॉमर्स कंपनियां और बड़े रिटेलर्स पुराना स्टॉक खत्म करने के लिए भारी छूट पर मोबाइल फोन की बिक्री शुरू कर सकते हैं। बताते चलें कि मोबाइल फोन की बिक्री में 16 से 20 प्रतिशत तक की कमी आई है, जिसकी वजह से स्टॉक में काफी माल इकट्ठा हो गया है।
मोबाइल फोन कंपनियां पुराना स्टॉक खत्म करने के लिए मॉडल्स पर भारी डिस्काउंट दे सकती हैं
सुस्त रही एंट्री-लेवल और मिड-रेंज के स्मार्टफोन की बिक्री
मार्केट ट्रैकर्स का कहना है कि कंपनियां ऐसे समय में भी मांग बढ़ाना चाह रही हैं जब एंट्री-लेवल और मिड-रेंज के स्मार्टफोन की बिक्री काफी सुस्त रही है। उन्होंने बताया कि भारत में बिजनेस करने वाली तमाम बड़ी कंपनियां जैसे एप्पल, शाओमी, वीवो, वनप्लस और रियलमी अपने नए और पुराने मॉडल्स पर भारी छूट दे रही हैं।
पुराना स्टॉक निकालने के लिए समर डिस्काउंट लाती हैं कंपनियां
खुदरा विक्रेताओं ने बताया कि मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनियों ने पुराने स्टॉक को खत्म करने के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर स्थायी कीमतों में भी कटौती की है। काउंटरपॉइंट रिसर्च एनालिस्ट शिल्पी जैन ने कहा कि समर डिस्काउंट सेल पिछले साल की दूसरी छमाही और 2023 की पहली तिमाही से जमा हुए स्टॉक को निकालने का एक तरीका है, ताकि त्योहारी सीजन से नए स्टॉक के लिए तैयारी की जा सके।
त्योहारी सीजन से पहले पुराना स्टॉक खत्म करना चाहती हैं सरकार
शिल्पी जैन के मुताबिक ग्राहकों ने नए स्मार्टफोन खरीदने के लिए डिस्काउंट सेल का इंतजार करना शुरू कर दिया है। मार्केट ट्रैकर्स ने कहा कि ब्रांड्स साल की दूसरी छमाही में त्योहारी सीजन से पहले पुरानी इन्वेंट्री को खत्म करना चाहते हैं। भारत में आमतौर पर अगस्त से अक्टूबर तक त्योहारी सीजन चलता है, जिसमें पूरे साल की स्मार्टफोन बिक्री की एक तिहाई हिस्सेदारी होती है।
