फैस्टिव सीजन में आईडीबीआई बैंक ने ग्राहकों को तोहफा दिया है। बैंक ने अमृत महोत्सव फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश की डेडलाइन को 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 नवंबर 2023 कर दिया है। IDBI बैंक की इस योजना में निवेश कर बंपर रिटर्न कमाने का मौका है। अगर आप इन दिनों फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं, तो अमृत महोत्सव फिक्स्ड डिपॉजिट के ऑप्शन को चुन सकते हैं। जुलाई में आईडीबीआई ने 375 और 444 दिनों की अवधि के लिए अमृत महोत्सव एफडी नामक से स्पेशल एफडी योजना शुरू की थी।
कितना मिल रहा है ब्याज?
375 दिनों की स्पेशल मैच्योरिटी अवधि वाली एफडी पर आईडीबीआई बैंक आम जनता के लिए 7.10 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 7.60 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। आईडीबीआई की अमृत महोत्सव एफडी में 375 दिन और 444 दिन के लिए निवेश किया जा सकता है। IDBI बैंक समय से पहले इस स्कीम से पैसे निकाले की सुविधा भी देता है। आमतौर पर बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट को निवेश के लिए सुरक्षित माना जाता है। इसलिए बड़ी संख्या में लोग इसमें निवेश करते हैं।
आईडीबीआई बैंक ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलनी वाली ब्याज दरों में पिछले महीने बदलाव किया था। आईडीबीआई बैंक सामान्य ग्राहकों को सात दिनों से पांच साल में मैच्योर होने वाली एफडी पर 3 फीसदी से 6.8 फीसदी और बुजुर्गों को 3.5 फीसदी से 7.3 फीसदी तक का ब्याज ऑफर कर रहा है।
कोटक महिंद्रा बैंक ने भी बढ़ाया है ब्याज
हाल ही में कोटक महिंद्रा बैंक ने भी अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में इजाफा किया है। ब्याज दरों में हुए बदलाव के बाद कोटक बैंक सात दिनों से लेकर दस वर्षों में मैच्योर होने वाली फिक्स्ड डिपॉजिट पर बैंक सामान्य ग्राहकों को 2.75 फीसदी से 7.25 फीसदी तक की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। नई ब्याज दरें 25 अक्टूबर 2023 से प्रभावी हैं। बैंक ने दो से तीन साल से कम समय में मैच्योर होने वाली फिक्स्ड डिपॉजिट पर मिलने वाली ब्याज दर में 10 बेसिस प्वाइंट (BPS) का इजाफा किया है। अब इन FD पर 7.10 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा।
