How To Check AC Gas Level At Home: अप्रैल का महीना भी जल्द ही खत्म हो जाएगा और उसकी बाद गर्मी लोगों को सताने लगेगी। एयर कंडीशनर (Air Conditionor) आजकल हर घर की जरूरत बन गया है। आपके घर में भी होगा, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि AC चलाने के बाद भी कमरे में सही ठंडक नहीं मिलती। इस स्थिति में लोग तुरंत मैकेनिक को बुला लेते हैं, जहां कई बार बिना सही जांच के गैस रिफिलिंग के नाम पर भारी बिल थमा दिया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप घर पर ही बिना मैकेनिक को बुलाए एसी का गैस लेवल चेक कर सकते हैं।
AC की गैस खत्म हुई या नहीं? घर पर ऐसे करें चेक, मैकेनिक बुलाने की जरूरत नहीं
बिना खर्च के खुद करें AC की जांच
अगर आप इस अनावश्यक खर्च से बचना चाहते हैं, तो कुछ आसान तरीकों से घर बैठे ही यह पता लगा सकते हैं कि आपके AC में वास्तव में गैस की कमी है या नहीं। अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी खास टूल की जरूरत नहीं होती, बस थोड़ी समझदारी और ध्यान देने की जरूरत है।
कूलिंग कम हो रही है? पहले यही चेक करें
अगर AC काफी देर तक चलाने के बाद भी कमरे में ठंडक महसूस नहीं हो रही या हवा कमजोर आ रही है, तो यह गैस कम होने का संकेत हो सकता है। हालांकि, सिर्फ इसी आधार पर निष्कर्ष निकालना सही नहीं है, क्योंकि गंदा फिल्टर या खराब थर्मोस्टैट भी कूलिंग को प्रभावित कर सकता है।
पाइप पर बर्फ जमना बड़ा संकेत
AC के इनडोर और आउटडोर यूनिट को जोड़ने वाले मोटे पाइप पर नजर डालें। अगर इस पर बर्फ जमी दिखे, तो यह गैस लीकेज या कम प्रेशर का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में कूलिंग भी प्रभावित होती है और मशीन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
अजीब आवाजें भी देती हैं संकेत
अगर AC चलाते समय बबलिंग जैसी आवाज सुनाई दे या कंप्रेसर बार-बार ऑन-ऑफ हो रहा हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह भी गैस प्रेशर कम होने की ओर इशारा करता है और समय रहते जांच जरूरी हो जाती है।
थर्मामीटर से करें आसान टेस्ट
आप एक साधारण डिजिटल थर्मामीटर की मदद से भी AC की स्थिति जांच सकते हैं। AC के सामने 10-15 मिनट रखने के बाद अगर तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचता, तो यह गैस कम होने का संकेत हो सकता है।
समझदारी से बचाएं पैसा
AC में गैस की समस्या को समझने के लिए हमेशा मैकेनिक पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है। इन आसान तरीकों से आप खुद ही शुरुआती जांच कर सकते हैं और बेवजह होने वाले खर्च से बच सकते हैं। सही जानकारी और थोड़ी सतर्कता आपको गर्मी में राहत के साथ-साथ पैसे की भी बचत करा सकती है।
