Times Now Navbharat
live-tv
Premium

AC खरीदने का A2Z गाइड: स्टार रेटिंग से लेकर इन्वर्टर और टन तक, दूर करें हर कन्फ्यूजन

AC Buying Guide 2026: यह आर्टिकल AC खरीदने से पहले ध्यान रखने वाली जरूरी बातों को आसान भाषा में समझाता है। इसमें इन्वर्टर और नॉन-इन्वर्टर AC के बीच अंतर, सही स्टार रेटिंग चुनने का तरीका, कमरे के हिसाब से टन क्षमता, बिजली खपत और जरूरी फीचर्स के बारे में जानकारी दी गई है। साथ ही, ब्रांड, सर्विस और इंस्टॉलेशन लागत जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को भी शामिल किया गया है, ताकि आप सही और किफायती AC चुन सकें।

Image
AC खरीदने का A2Z गाइड: स्टार रेटिंग से लेकर इन्वर्टर और टन तक, दूर करें हर कन्फ्यूजन/Photo-AI
Authored by: Pradeep Pandey
Updated Apr 9, 2026, 11:45 IST

गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) खरीदना अब लग्जरी नहीं, जरूरत बन चुका है, लेकिन गलत AC चुनने से बिजली बिल बढ़ सकता है और कूलिंग भी ठीक से नहीं मिलती, इसलिए खरीदने से पहले कुछ जरूरी चीजों को समझना बेहद जरूरी है। यदि आप भी इस गर्मी एसी खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम आ सकती है। इस रिपोर्ट में हम आपको एसी खरीदने के बारे में A2Z जानकारी देंगे।

इन्वर्टर AC vs नॉन-इन्वर्टर AC: कौन बेहतर?

एसी खरीदने से पहले हर किसी के मन में एक सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि इन्वर्टर AC लें या नॉन-इन्वर्टर तो आप समझ लीजिए कि इन्वर्टर AC में कंप्रेसर जरूरत के हिसाब से स्पीड कम-ज्यादा करता है, जिससे बिजली की बचत होती है और कूलिंग भी लगातार मिलती रहती है।

वहीं नॉन-इन्वर्टर AC में कंप्रेसर बार-बार ऑन-ऑफ होता है, जिससे बिजली ज्यादा खर्च होती है। अगर आप रोजाना ज्यादा समय तक AC चलाते हैं, तो इन्वर्टर AC लेना बेहतर रहेगा। वहीं कम उपयोग के लिए नॉन-इन्वर्टर भी चल सकता है।

स्टार रेटिंग कितनी होनी चाहिए?

AC पर दी गई स्टार रेटिंग उसकी बिजली खपत को बताती है। 5 स्टार AC सबसे ज्यादा बिजली बचाता है, लेकिन इसकी कीमत थोड़ी ज्यादा होती है। 3 स्टार AC बजट में अच्छा ऑप्शन है और ठीक-ठाक बिजली बचत करता है। अगर आप लंबे समय के लिए AC ले रहे हैं, तो 5 स्टार लेना फायदेमंद रहेगा, क्योंकि यह धीरे-धीरे बिजली बिल में बचत कर देता है।

सही टन (Capacity) कैसे चुनें?

AC की कूलिंग उसकी टन क्षमता पर निर्भर करती है और एसी की कूलिंग क्षमता का माप टन में ही किया जाता है। यहां आपको समझना होगा कि इस टन का मतलब एसी का वजन नहीं है।

A2Z Guide to Buying Guide

A2Z Guide to Buying Guide

  • 100-120 स्क्वायर फीट कमरे के लिए: 1 टन
  • 120-180 स्क्वायर फीट के लिए: 1.5 टन
  • 180-250 स्क्वायर फीट के लिए: 2 टन
अगर कमरा ज्यादा धूप वाला है या उसमें ज्यादा लोग रहते हैं, तो थोड़ा ज्यादा टन का AC लेना बेहतर रहेगा।

बिजली की खपत और बजट का ध्यान रखें

AC खरीदते समय सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि उसकी बिजली खपत भी देखें। सस्ता AC खरीदने के बाद अगर बिल ज्यादा आता है, तो वह महंगा पड़ सकता है। इसलिए लॉन्ग टर्म खर्च को ध्यान में रखकर फैसला लें।

कूलिंग टेक्नोलॉजी और फीचर्स भी देखें

आजकल AC में कई स्मार्ट फीचर्स आते हैं जैसे, Turbo Cooling, Sleep Mode, Wi-Fi Control, Air Purification Filters आदि। अगर आप ज्यादा सुविधा चाहते हैं, तो इन फीचर्स वाले AC चुन सकते हैं। खासकर एयर फिल्टर वाले AC शहरों में काफी उपयोगी होते हैं।

स्मार्ट AC vs नॉन-स्मार्ट AC: क्या लेना सही रहेगा?

आजकल बाजार में स्मार्ट AC तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, जिन्हें आप Wi-Fi के जरिए मोबाइल ऐप या Google Home और Amazon Alexa जैसे वॉइस असिस्टेंट से कंट्रोल कर सकते हैं। इससे आप AC को कहीं से भी ऑन/ऑफ कर सकते हैं, तापमान सेट कर सकते हैं और शेड्यूल भी बना सकते हैं। अगर आप टेक्नोलॉजी पसंद करते हैं और घर को स्मार्ट बनाना चाहते हैं, तो स्मार्ट AC अच्छा विकल्प है। वहीं, अगर आपको बेसिक कूलिंग चाहिए और बजट सीमित है, तो नॉन-स्मार्ट AC भी पूरी तरह पर्याप्त है।

AC में कौन-सा फिल्टर होना चाहिए?

AC खरीदते समय उसके एयर फिल्टर पर ध्यान देना बेहद जरूरी है, खासकर आज के प्रदूषण भरे माहौल में। HD Filter, PM2.5 Filter और Anti-Bacterial Filter जैसे विकल्प हवा को साफ रखने में मदद करते हैं। ये फिल्टर धूल, एलर्जी और बैक्टीरिया को हटाकर बेहतर और हेल्दी हवा देते हैं। अगर आप शहर में रहते हैं या घर में छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं, तो अच्छा एयर फिल्टर वाला AC लेना ज्यादा फायदेमंद रहेगा।

समरकूल होम अप्लायंसेज के चेयरमैन, 'संजीव गुप्ता ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जानकारों का कहना है कि चाहे कोई व्यक्ति पंखा खरीदे, कूलर या फिर एयरकंडीशनर, इनकी खरीद में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है सबसे पहले तो ऐसे उत्पाद पसंद किये जाएं जो बिजली की बचत करते हों, इसके लिए उनकी स्टार रेटिंग देखी जा सकती है। किसी व्यक्ति के घर के कमरों का आकार क्या है? वहां किस आकार के पंखों और कितने टन के एसी से काम चल जायेगा यह देखना जरूरी है। जहां तक बात कूलर की है तो इसमें स्पीड कंट्रोल, पंखे के ब्लेड उसके आकार, आस्किलेशन वगैरह जैसे फीचर्स की परख जरूरी है। इस सबके साथ ही वह उत्पाद खरीदें जो आपकी जेब के अनुकूल हो साथ ही कंपनी की तरफ विक्रेता को उत्पाद पर उचित गारंटी या फिर वारंटी मिल रही हो।'

ब्रांड और सर्विस नेटवर्क का महत्व

AC एक ऐसा प्रोडक्ट है जिसे समय-समय पर सर्विस की जरूरत होती है। इसलिए हमेशा ऐसे ब्रांड का AC लें, जिसका आपके शहर में अच्छा सर्विस नेटवर्क हो। इससे खराबी आने पर जल्दी समाधान मिल जाता है।

इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस का खर्च

कई बार AC की कीमत कम होती है, लेकिन इंस्टॉलेशन चार्ज ज्यादा होता है। इसके अलावा सालाना सर्विसिंग का खर्च भी जुड़ता है। इसलिए खरीदते समय इन सभी खर्चों को ध्यान में रखें। अब कुल मिलाकर कहें तो AC खरीदना एक बड़ा निवेश है, इसलिए जल्दबाजी में फैसला न लें।

इन्वर्टर vs नॉन-इन्वर्टर, स्टार रेटिंग, सही टन और फीचर्स जैसी चीजों को ध्यान में रखकर ही खरीदारी करें। सही AC चुनने से न सिर्फ आपको बेहतर कूलिंग मिलेगी, बल्कि बिजली बिल में भी राहत मिलेगी।

End of Article