Good News for Aadhaar Users: भारत में आधार कार्ड का इस्तेमाल एक सरकारी आईडी के रूप में हर दूसरा व्यक्ति कर रहा है। घर से बाहर निकलने के साथ ही इस आईडी का इस्तेमाल हर दूसरे काम में पड़ता है। ऐसे में Unique Identification Authority of India (यूआईडीएआई) समय-समय पर आधार कार्ड होल्डर को उनकी जानकारियों को अपडेट करने की सलाह देता है। आधार कार्ड होल्डर की सुविधा के लिए वैसे तो बहुत से काम ऑनलाइन या मोबाइल ऐप के जरिए किए जा सकते हैं, लेकिन कुछ कामों में आधार कार्ड होल्डर को आधार केंद्र (Aadhaar Centres) विजिट करने की जरूरत पड़ती है। हालांकि, परेशानी तब आती है जब आधार कार्ड होल्डर को यह जानकारी नहीं होती है कि उसके घर के पास आधार केंद्र (Aadhaar Centres) कहां-कहां मौजूद है। आधार कार्ड होल्डर की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए यूआईडीएआई की ओर से बहुत जल्द एक नई सर्विस पेश की जा रही है।
आधार सेंटर का पता खोजना होगा जल्द आसान (Photo: X handle/@UIDAI)
मैप पर मिलेगी सेंटर की लोकेशन
आधार से जुड़े काम अब आपके लिए पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाले हैं। दरअसल, यूआईडीएआई की ओर से पेश की जाने वाली नई सर्विस के साथ आधार कार्ड होल्डर अधिकृत आधार केंद्र (Aadhaar Centres) को अपने फोन पर मैप के जरिए आसानी से खोज पाएगा। यूआईडीएआई ने MapmyIndia के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत अब अधिकृत आधार केंद्र (Aadhaar Centres) को सीधे Mappls App पर उपलब्ध करवाया जाएगा। यह नई सुविधा जल्द ही लॉन्च होने वाली है, जिसका उद्देश्य ही लोगों को आधार सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करना है।
Mappls App पर जल्द मिलने जा रही सुविधा
इस पहल के तहत, यूजर्स अब अपने मोबाइल में Mappls App खोलकर आसानी से अपने नजदीकी अधिकृत आधार केंद्र को खोज सकेंगे। पहले जहां लोगों को आधार केंद्र ढूंढने के लिए अलग-अलग वेबसाइट्स या स्थानीय जानकारी पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब यह काम कुछ ही क्लिक में संभव हो जाएगा।
आधार कार्ड होल्डर की परेशानी होगी कम
इस फीचर की खास बात यह है कि यह केवल लोकेशन ही नहीं बताएगा, बल्कि उस केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी देगा। जैसे—आधार अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर अपडेट आदि सेवाएं वहां उपलब्ध हैं या नहीं। इससे लोगों का समय बचेगा और उन्हें अनावश्यक रूप से एक केंद्र से दूसरे केंद्र भटकना नहीं पड़ेगा।
डिजिटल इंडिया के इस दौर में यह पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जहां सही जानकारी की कमी के कारण आधार सेवाओं तक पहुंच मुश्किल हो जाती है।
