गर्मियों के मौसम में फ्रिज हर घर की सबसे जरूरी मशीनों में शामिल हो जाता है, लेकिन कई बार लोग इस समस्या से परेशान रहते हैं कि फ्रिज में जरूरत से ज्यादा बर्फ जमने लगती है। खासकर फ्रीजर सेक्शन में मोटी बर्फ की परत बनने से कूलिंग प्रभावित होती है और बिजली की खपत भी बढ़ जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह समस्या कुछ सामान्य गलतियों और तकनीकी कारणों की वजह से होती है, जिन्हें समय रहते ठीक किया जा सकता है।
फ्रिज में बार-बार क्यों जम जाता है बर्फ, इन 4 तरीकों से करें ठीक
बार-बार दरवाजा खोलना बन सकता है कारण
फ्रिज में ज्यादा बर्फ जमने की सबसे बड़ी वजह बार-बार उसका दरवाजा खोलना माना जाता है। जब भी फ्रिज का दरवाजा खुलता है, बाहर की गर्म और नमी वाली हवा अंदर पहुंच जाती है। यह नमी ठंडी सतह से टकराकर बर्फ में बदलने लगती है। अगर लंबे समय तक दरवाजा खुला रखा जाए, तो बर्फ तेजी से जम सकती है। इसलिए कोशिश करें कि जरूरत पड़ने पर ही फ्रिज खोलें और तुरंत बंद कर दें।
खराब रबर गैस्केट से बढ़ सकती है समस्या
फ्रिज के दरवाजे पर लगी रबर सील यानी गैस्केट अगर ढीली या खराब हो जाए, तो बाहर की हवा लगातार अंदर जाती रहती है। इससे फ्रिज को तापमान बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और बर्फ जमने लगती है। एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि समय-समय पर गैस्केट की जांच करें। अगर दरवाजा ठीक से बंद नहीं हो रहा है, तो गैस्केट बदलवाना बेहतर विकल्प हो सकता है।
गलत तापमान सेटिंग भी है जिम्मेदार
कई लोग ज्यादा ठंडक पाने के लिए फ्रिज का तापमान बहुत कम कर देते हैं। इससे फ्रीजर में जरूरत से ज्यादा कूलिंग होने लगती है और बर्फ की मोटी परत बन जाती है। सामान्य तौर पर फ्रिज का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और फ्रीजर का तापमान माइनस 18 डिग्री के आसपास रखना सही माना जाता है।
नियमित डीफ्रॉस्टिंग है जरूरी
अगर आपके घर में डायरेक्ट कूल फ्रिज है, तो समय-समय पर डीफ्रॉस्ट करना बेहद जरूरी होता है। लंबे समय तक बर्फ जमा रहने से एयर फ्लो प्रभावित होता है और फ्रिज की कार्यक्षमता कम हो सकती है। एक्सपर्ट के अनुसार महीने में एक बार फ्रिज की सफाई और डीफ्रॉस्टिंग करने से यह समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
बिजली बिल पर भी पड़ता है असर
फ्रिज में ज्यादा बर्फ जमने का असर केवल कूलिंग पर ही नहीं, बल्कि बिजली बिल पर भी पड़ता है। मोटी बर्फ की परत बनने से कंप्रेसर को ज्यादा काम करना पड़ता है, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर फ्रिज की लाइफ बढ़ाई जा सकती है और अनावश्यक खर्च से भी बचा जा सकता है।
