आज के समय में लोग समय और मेहनत बचाने के लिए मार्केट की दुकानें घूमने के बजाय ऑनलाइन शॉपिंग (Online Shopping) करना पसंद करते हैं। हालांकि, ऑनलाइन सामान केवल प्रोडक्ट की फोटो ही नहीं, रिव्यू और रेटिंग देखकर भी खरीदे जाते हैं। ऐसे में क्या हो जब 5 स्टार रेटिंग वाले प्रोडक्ट पर रिव्यू फर्जी (Fake Reviews) हों और घटिया सामान आ जाए?
ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं तो ऐसे पहचानें फेक रिव्यू (AI Generated Image)
एक जैसे रिव्यू पर दें ध्यान
अगर किसी प्रोडक्ट के कई रिव्यू में एक जैसी भाषा, शब्द या वाक्य इस्तेमाल किए गए हैं, तो सावधान हो जाएं। कई बार फर्जी रिव्यू एक ही पैटर्न पर लिखे जाते हैं। इनमें प्रोडक्ट की तारीफ तो होती है, लेकिन उसकी खासियत या इस्तेमाल से जुड़ी कोई ठोस जानकारी नहीं दी जाती।
रिव्यू पोस्ट करने की तारीख चेक करें
अगर किसी प्रोडक्ट पर एक या दो दिन के अंदर अचानक बड़ी संख्या में 5 स्टार रेटिंग और पॉजिटिव रिव्यू आ गए हैं, तो इसकी जांच जरूर करें। वास्तविक ग्राहकों के रिव्यू आमतौर पर अलग-अलग समय पर आते हैं। अचानक बढ़ी रेटिंग फर्जी रिव्यू हो सकते हैं।
केवल 5 स्टार रेटिंग न देखें
प्रोडक्ट खरीदने से पहले 1, 2 और 3 स्टार वाले रिव्यू भी पढ़ें। इससे आपको सामान की कमियों, खराब क्वालिटी, डिलीवरी और इस्तेमाल से जुड़ी समस्याओं के बारे में पता चल सकता है। केवल अच्छी रेटिंग देखकर खरीदारी करना सही फैसला नहीं है।
रिव्यू में फोटो और वीडियो देखें
असली ग्राहक अक्सर प्रोडक्ट मिलने के बाद उसकी फोटो या वीडियो साझा करते हैं। इनसे आपको प्रोडक्ट के असल रंग, साइज, फिनिशिंग और क्वालिटी का अंदाजा मिल सकता है। हालांकि, फोटो और वीडियो वाले रिव्यू भी पूरी तरह भरोसेमंद होने की गारंटी नहीं हैं।
रिव्यू करने वाले की प्रोफाइल जांचें
अगर किसी ग्राहक ने कई अलग-अलग प्रोडक्ट पर एक जैसी तारीफ लिखी है या उसकी प्रोफाइल पर बहुत कम एक्टिविटी है, तो रिव्यू को लेकर सतर्क रहें। खासकर तब, जब सभी रिव्यू में केवल पॉजिटिव बातें लिखी हों।
