यदि आप भी बिहार के निवासी हैं और खराब सड़क से परेशान हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब आप सीधे सरकार से खराब सड़क की शिकायत कर सकते हैं। ग्रामीण कार्य विभाग बिहार सरकार ने ग्रामीण सड़कों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘हमारा बिहार हमारी सड़क’ एंड्रॉयड ऐप को लॉन्च कर दिया है। इस ऐप के जरिए आम लोग अब अपने गांव या क्षेत्र की सड़क से संबंधित शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना है।
Hamara Bihar Hamari Sadak App
अब तक की उपलब्धि
विभाग द्वारा साझा जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 1467 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 1442 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है और ज़मीनी स्तर पर सुधार देखने को मिल रहा है।
ऐप के प्रमुख फायदे
‘हमारा बिहार हमारी सड़क’ ऐप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि शिकायत सीधे संबंधित पदाधिकारियों तक पहुंचती है। इससे न केवल पारदर्शिता बनी रहती है, बल्कि जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है। इसके अलावा, यूजर द्वारा दिए गए फीडबैक के आधार पर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता है।
किन समस्याओं की कर सकते हैं शिकायत
अगर आपके गांव की सड़क टूटी हुई है, गड्ढों से भरी है, या फिर धूल और कीचड़ से परेशानी हो रही है, तो इस ऐप के जरिए शिकायत दर्ज की जा सकती है। ग्रामीण इलाकों की रोजमर्रा की इन समस्याओं को ध्यान में रखकर ही इस ऐप को डिजाइन किया गया है।
शिकायत दर्ज करने की आसान प्रक्रिया
ऐप पर शिकायत दर्ज करना बेहद आसान है। यूज़र को सड़क की फोटो अपलोड करनी होती है, समस्या का संक्षिप्त विवरण लिखना होता है और फिर जिला, प्रखंड/हल्का, पंचायत व गांव का चयन करना होता है। इसके बाद शिकायत सबमिट की जाती है और उसकी स्थिति ऑनलाइन ट्रैक भी की जा सकती है।
कहां से मिलेगी अधिक जानकारी
ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट rwd.bihar.gov.in पर भी विज़िट किया जा सकता है। कुल मिलाकर, ‘हमारा बिहार हमारी सड़क’ ऐप बिहार में ग्रामीण सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम और प्रभावी डिजिटल कदम माना जा रहा है।
