Thailand Bucket List: थाईलैंड अपने समुद्र तटों, मंदिरों और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। भारतीयों के लिए यह देश एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है और हर साल लाखों लोग यहां घूमने आते हैं। थाईलैंड में मौज-मस्ती करने और घूमने के लिए कई आकर्षक जगहें हैं जिन्हें यहां डिटेल में बताया गया है। थाईलैंड की आपकी यात्रा सुरक्षित और मजेदार बन सके इसके लिए यहां एक फुल गाइड दी गई है जो पहली बार थाईलैंड जाने वालों के बेहद काम आ सकती है।
Thailand Trip Planning (Image credit-canva)
मंदिरों के दर्शन करें (Thailand Famous Temples)
शायद आपको ये जानकर हैरानी हो कि थाईलैंड में 40,000 से ज्यादा मंदिर हैं, जो पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण हैं। अगर आप थाईलैंड घूमने का प्लान कर रहे हैं तो यहां कुछ सबसे प्रसिद्ध मंदिर है जो आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल हो सकती है।
वाट फ्रा केव: बैंकॉक में बैकसाकेट पैलेस में स्थित वाट फ्रा केव थाईलैंड का सबसे पवित्र और प्रतिष्ठित मंदिर है। एमराल्ड बुद्ध (ध्यानमग्न गौतम बुद्ध) की प्रतिमा यहां रखी हुई है, जो हरे पत्थर से बनी है, सोने से मढ़ी हुई है और लगभग 66 सेंटीमीटर ऊंची है।
वाट अरुण: बैंकॉक में चाओ फ्राया नदी के किनारे स्थित वाट अरुण को सूर्योदय का मंदिर कहा जाता है। इसकी प्राचीन झींगुर जैसी संरचना इसे अनूठा और बेहद खूबसूरत बनाती है। शाम को यहां का नजारा अत्यंत मनोहारी होता है।
वाट फो: लेइंग बुद्ध मूर्ति (सोया हुआ बुद्धा) के लिए यह मंदिर फेमस है। थाई मसाज की परंपरा यहीं से शुरू हुई थी। बैंकॉक में स्थित ये मंदिर थाईलैंड का सबसे बड़ा और सबसे पुराना मंदिर है।
वाट त्रिमितर: गोल्डन बुद्धा के लिए प्रसिद्ध इस मंदिर में लगभग 5.5 टन वजन की गोल्डन बुद्धा की मूर्ति रखी हुई है। बैंकॉक में स्थित इस मंदिर की यात्रा आपको मानसिक शांति देने का काम कर सकती है।
Thailand Famous Temples (Image credit-canva)
समुद्र तटों पर जाएं (Thailand Beaches)
थाईलैंड दुनिया के कुछ बेहतरीन समुद्र तटों का घर है। ये समुद्र तट दुनिया भर में अपनी खूबसूरती और हसीन नजारों के लिए पर्यटकों का ध्यान खींचते हैं। स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग, बीच वॉक, कयाकिंग, नाव की सवारी और सूर्यास्त का आनंद लेने के लिए आप इन बीचेज पर जा सकते हैं।
फिफी आइलैंड: साफ नीला पानी और सफेद रेतीले समुद्र तट इसकी पहचान है। स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग और बोटिंग के लिए अगर आप किसी बीच डेस्टिनेश की तलाश में हैं तो फिफी आइलैंड आपके लिए परफेक्ट हो सकती है।
पटोंग बीच: फुकेत का सबसे फेमस पटोंग बीच एडवेंचर स्पोर्ट्स की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है। पैरासेलिंग, जेट स्की के अलावा शानदार नाइटलाइफ एन्जॉय करने आप यहां जा सकते हैं।
रेले बीच: पहाड़ों से घिरा शांत और सुंदर समुद्र तट रेले बीच आपकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल हो सकता है। रॉक क्लाइम्बिंग के लिए क्राबी में स्थित यह बीच विश्व प्रसिद्ध है।
इन 3 प्रमुख बीचेज के अलावा थाईलैंड में शानदार बीच लाइफ को एन्जॉय करने के लिए आप सिमिलान आइलैंड, चावेंग बीच, माया बे, काटा नोई बीच और सिल्वर बीच का रुख कर सकते हैं।
Thailand Beaches (Image credit-canva)
बैंकॉक में नाइटलाइफ करें एन्जॉय (Bangkok Nightlife)
थाईलैंड का प्रमुख शहर बैंकॉक अपनी शानदार और जीवंत नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। बैंकॉक में बार, नाइटक्लब और रेस्टोरेंट की कोई कमी नहीं है जहां आप पूरी सुरक्षा के साथ बिना रोकटोक के एन्जॉय कर सकते हैं।
सुखुमवित रोड: इसे क्लब्स और बार्स का हॉटस्पॉट माना जाता है। इंटरनेशनल क्लब्स से लेकर लाइव डीजे तक यहां आपको सबकुछ मिल जाएगा। इसके अलावा स्पोर्ट्स बार और शानदार रूफटॉप बार्स भी यहां मौजूद हैं। लेवल्स क्लब और लाउंज, शुगर क्लब या ऑक्टेव रूफटॉप बार (मैरियट होटल) का आप रुख कर सकते हैं।
खाओ सान रोड: बजट ट्रैवलर्स और बैकपैकर के लिए खाओ सान रोड जन्नत से कम नहीं है। वीकेंड पर यहां की नाइटलाइफ को एन्जॉय करने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। लाइव म्यूजिक से लेकर सस्ते बार तक भीड़-भाड़ वाले माहौल में आपको यहां सबकुछ मिल जाएगा।
पटपोंग नाइट मार्केट: नाइट क्लब्स के साथ ही ये मार्केट थाई शो के लिए फेमस है। थाईलैंड की वाइल्ड नाइटलाइफ को एन्जॉय करने के लिए आप पटपोंग नाइट मार्केट का रुख कर सकते हैं।
बैंकॉक नाइटलाइफ टिप्स: पासपोर्ट साथ रखें विदेशी पर्यटकों से कई बार ID मांगी जा सकती है। एंट्री चार्ज महंगे हो सकते हैं ऐसे में किसी भी क्लब में जाने से पहले बजट तय कर लें। सेफ्टी का ध्या रखें इसके लिए टैक्सी बुक करें या Grab App का उपयोग करें।
Bangkok Nightlife (Image credit-canva)
थाईलैंड की सफारी और वाइल्डलाइफ स्पॉट्स (Safari in Thailand)
थाईलैंड में कई खूबसूरत नेशनल पार्क हैं, जो सफारी के रोमांच के लिए एकदम परफेक्ट ट्रैवल डेस्टिनेशन हैं। वन्य जीवन को करीब से देखने के अलावा यहां हाथियों के साथ इंटरैक्शन और जंगल सफारी का अद्भुत अनुभव आप ले सकते हैं।
साफारी वर्ल्ड बैंकॉक: साफारी वर्ल्ड बैंकॉक थाईलैंड का सबसे फेमस सफारी पार्क है। यहां आप खुले जंगल में जीप या बस से सफारी कर सकते हैं। जेब्रा, शेर, टाइगर, भालू और डॉल्फिन को यहां आप करीब से देख सकते हैं।
काओ याई नेशनल पार्क: बैंकॉक से लगभग 3 घंटे की दूरी पर थाईलैंड का पहला और सबसे बड़ा नेशनल पार्क काओ याई स्थित है। जंगल ट्रेकिंग के अलावा वॉटरफॉल्स और टेंट में रहने का अनुभव आप यहां ले सकते हैं।
डोई इनथानन नेशनल पार्क: पक्षियों की दुर्लभ प्रजातियों और झरनों के दीदार करने के लिए आप डोई इनथानन नेशनल पार्क जा सकते हैं। चियांग माई में स्थित यह नेशनल पार्क फोटोग्राफी के शौकीन पर्यटकों के लिए जन्नत से कम नहीं है।
