Jail Tourism: एक समय था जब लोग वेकेशन के नाम पर समुद्र किनारे बने रिसोर्ट, बर्फीली वादियों वाले हिल स्टेशन या बीच डेस्टिनेशन तलाशते थे। लेकिन अब ट्रैवल की दुनिया में एक ऐसा ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। लोग अब खुद अपनी मर्जी से जेलों में रहना पसंद कर रहे हैं। जी हां बिना कोई अपराध किए लोग सलाखों के पीछे रातें बिता रहे हैं और इसे 'जेल टूरिज्म' कहा जा रहा है।
जेल टूरिज्म क्या है
दुनियाभर में कई पुरानी जेलों को अब होटल, हॉस्टल और पर्यटन स्थलों में बदल दिया गया है। यहां आने वाले पर्यटक कैदियों जैसी कोठरियों में रहते हैं, जेल का खाना खाते हैं और उसी माहौल को महसूस करते हैं, जिसे कभी अपराधियों की जिंदगी माना जाता था। हैरानी की बात यह है कि इस अनोखे अनुभव के लिए लोग मोटी रकम खर्च कर रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है घूमने का ये नया ट्रेंड (Prison Tourism) जो तेजी से वायरल हो रहा है।
क्यों पॉपुलर हुआ जेल टूरिज्म
आज का ट्रैवलर सिर्फ घूमना नहीं चाहते हैं, बल्कि वह 'अनुभव' खरीदना चाहता है। यही वजह है कि एडवेंचर, डार्क टूरिज्म और हिस्टोरिकल ट्रैवल तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। जेल टूरिज्म भी इसी बदलते ट्रेंड का हिस्सा बन चुका है। पुरानी जेलों की मोटी दीवारें, लोहे की सलाखें, छोटे-छोटे कमरे और डरावना इतिहास लोगों के भीतर जिज्ञासा पैदा करते हैं। कई टूरिस्ट यह जानना चाहते हैं कि आखिर कैदियों की जिंदगी कैसी होती थी। कुछ लोग जेल के इतिहास को करीब से महसूस करने के लिए यहां आते हैं, जबकि कुछ लोग सोशल मीडिया पर अलग और अनोखा कंटेंट बनाने के लिए।
यंग ट्रैवलर्स के बीच 'ऑफबीट डेस्टिनेशन' का क्रेज बढ़ा है। अब सिर्फ खूबसूरत फोटो नहीं, बल्कि ऐसी जगहों का अनुभव मायने रखता है जिनकी कहानी अलग हो। यही कारण हैं कि जेल टूरिज्म उसी खोज का हिस्सा बन चुका है।
टूरिस्ट हॉटस्पॉट हैं दुनिया की ये जेल
दुनिया में कई ऐसी जेल हैं जिन्हें अब होटल या टूरिस्ट स्पॉट में बदल दिया गया है। इनमें से कुछ जगहें तो इतनी मशहूर हो चुकी हैं कि महीनों पहले बुकिंग करनी पड़ती है।
नीदरलैंड की पुरानी जेल Het Arresthuis आज एक लग्जरी होटल बन चुकी है। इस जेल में कभी अपराधियों को रखा जाता था, लेकिन अब यही जगह आलीशान कमरों और आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाती है। दिलचस्प बात यह है कि जेल के पुराने सेल्स को ही होटल रूम में बदला गया है।
स्वीडन की Langholmen Prison भी अब एक लोकप्रिय होटल है। यहां पर्यटक जेल यूनिफॉर्म पहनकर फोटो खिंचवाते हैं और जेल के इतिहास को जानने के लिए गाइडेड टूर लेते हैं।
ऑस्ट्रेलिया की Fremantle Jail और अमेरिका की मशहूर Alcatraz Jail भी टूरिस्ट्स के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। अलकाट्राज जेल तो अपने रहस्यमयी इतिहास और खतरनाक कैदियों की कहानियों के कारण दुनियाभर के यात्रियों को आकर्षित करती है।
भारत में भी बढ़ रहा है ‘जेल टूरिज्म’ का क्रेज
भारत में भी धीरे-धीरे जेल टूरिज्म की शुरुआत हो चुकी है। देश की कई ऐतिहासिक जेलें अब पर्यटन का हिस्सा बन रही हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण अंडमान निकोबार की सेल्युलर जेल है, जहां गुलामी के दिनों में स्वतंत्रता सेनानियों को कैद करके रखा जाता था। यही कारण है कि सेल्युलर जेल सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की दर्दनाक कहानी है। यहां आने वाले लोग वीर सावरकर और अन्य क्रांतिकारियों के संघर्ष को महसूस करते हैं। यहां रोजाना शाम के समय होने वाला लाइट एंड साउंड शो लोगों को इतिहास की उस दुनिया में ले जाता है, जहां आजादी की कीमत खून और यातनाओं से चुकाई गई थी।
भारत के हैदराबाद की चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल में भी Feel the Jail नाम का एक नया एक्सपीरियंस सेंटर शुरू किया गया है। इसके अलावा यहां एक जेल म्यूजियम भी खोला गया है। जिसे देखने रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। भारत का जेल टूरिज्म की दिशा में उठाया गया एक नया लेकिन अहम कदम है।
राजस्थान और महाराष्ट्र की कुछ पुरानी जेलों को भी हेरिटेज टूरिज्म से जोड़ने की योजनाएं बन रही हैं। भारत की ट्रैवल इंडस्ट्री का मानना है कि आने वाले समय में देश में भी जेल-थीम होटल और एक्सपीरियंस आधारित टूरिज्म का क्रेज तेजी से बढ़ सकता है।
सोशल मीडिया ने बदली जेल की इमेज
एक समय था जब जेल का नाम सुनते ही डर और अपराध की तस्वीर दिमाग में आती थी, लेकिन इंस्टाग्राम और यूट्यूब ने इसकी छवि बदल दी है। आज कई ट्रैवल ब्लॉगर जेल होटल्स में रुककर वीडियो बना रहे हैं। वहीं लोग 'One Night in Jail' जैसे कंटेंट को खूब पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया के दौर ने टूरिज्म को एक नई दिशा दी है।
- लोग अब बीच और पहाड़ों की जगह अनोखे ट्रैवल एक्सपीरियंस खोज रहे हैं।
- पुरानी जेलों को होटल और टूरिस्ट डेस्टिनेशन में बदला जा रहा है।
- जेल टूरिज्म में इतिहास, रोमांच और डार्क टूरिज्म का अनोखा मिश्रण मिलता है।
- सोशल मीडिया और ट्रैवल व्लॉग्स ने इस ट्रेंड को तेजी से लोकप्रिय बनाया है।
- सेल्युलर जेल जैसे स्थान लोगों को आजादी के संघर्ष से जोड़ते हैं।
- पर्यटक जेल सेल स्टे, गाइडेड टूर और थीम बेस्ड एक्टिविटीज का अनुभव लेते हैं।
क्या आप बिताना चाहेंगे एक रात जेल में
यही आप जेल टूरिज्म पर जाने का सोच रहे हैं, तो पहले इसकी कल्पना कर लीजिए। सोचिए लोहे की सलाखों वाला कमरा, भारी दरवाजा, हल्की रोशनी और चारों तरफ सन्नाटा। यह सुनने में आपको बेहद डरावना लग सकता है, लेकिन आज यही अनुभव हजारों लोगों के लिए एडवेंचर बन चुका है।
तेजी से बदलती सोच के बीच ट्रैवल की दुनिया अब पूरी तरह बदल रही है। लोग अब सिर्फ आरामदायक छुट्टियां नहीं, बल्कि ऐसी ट्रिप प्लान करना चाहते हैं जो उन्हें कहानी, इतिहास, रोमांच और एक अलग एक्सपीरियंस दे। जेल टूरिज्म इसी बदलती सोच का सबसे बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है।
डार्क टूरिज्म
डार्क टूरिज्म दुनिया भर में तेजी से बढ़ता एक टूरिज्म ट्रेंड है, जेल टूरिज्म इसी का हिस्सा माना जाता है। डार्क टूरिज्म उन जगहों की यात्रा को कहा जाता है, जिनका संबंध इतिहास, त्रासदी, युद्ध या मैसिव किलिंग से रहा हो। दुनिया में टूरिज्म का यह नया तरीका तेजी से बढ़ रहा है।
लोग अब केवल खूबसूरत जगहों तक घूमना सीमित नहीं रहना चाहते हैं। इसके अलावा वे ऐसी जगहों को देखना चाहते हैं जिनके पीछे कोई गहरी कहानी छुपी हो। चाहे वह युद्ध स्थल हो, भूतिया किला हो या पुरानी जेल। इन सभी तरह की जगहों पर जाने वाले लोगों की दिलचस्पी अब अनुभव और इतिहास में ज्यादा बढ़ रही है। टूरिज्म के एक्सपर्ट्स मानते हैं कि आने वाले सालों में जेल टूरिज्म दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ने वाले ट्रैवल ट्रेंड्स में शामिल हो सकता है।
