Sawan Month Travel Places: सावन का महीना भगवान शिव के भक्तों के लिए बेहद खास है। इस पवित्र महीने में देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। अगर आप भी सावन के महीने में घूमने का प्लान कर रहे हैं तो यहां कुछ प्रसिद्ध मंदिरों (Sawan 2026 Shiv Temples) के बारे में बताया गया है जहां घूमने का प्लान आप कर सकते हैं। चाहे आप परिवार के साथ घूमने जाना चाहते हों या फिर अकेले हर लिहाज से ये यात्रा आपके लिए बेहद खास होने वाली है।
सावन में घूमने का डबल मजा
काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी
इस लिस्ट में नंबर 1 पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर का नाम आता है। यह देश के सबसे प्रसिद्ध शिव मंदिरों में से एक है। पवित्र मंदिर गंगा नदी के किनारे दशाश्वमेध घाट के पास स्थित यह मंदिर शानदार टूरिस्ट पॉइंट भी है। यहां आने वाले श्रद्धालु सबसे पहले गंगा में स्नान करते हैं और फिर भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन करते हैं। सावन के महीने में यहां का नजारा पूरी तरह बदल जाता है। मान्यता है कि सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। हर तरफ हर-हर महादेव के जयकारे आपका दिन बना देंगे।
भीमाशंकर मंदिर, महाराष्ट्र
इस लिस्ट में नंबर 2 पर महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित भीमाशंकर मंदिर का नाम आता है। भीमा नदी के पास स्थित यह स्थित मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। धार्मिक मान्यता के साथ-साथ खूबसूरत प्राकृतिक वातावरण के लिए भी यह मंदिर पर्यटकों को लुभाता है।
यहां विराजमान शिवलिंग को मोटेश्वर महादेव भी कहा जाता है। घूमने जाने से पहले जान लें कि सावन के महीने में यहां भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं।
तारकेश्वर मंदिर, पश्चिम बंगाल
इस लिस्ट में नंबर 3 पर पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में स्थित तारकेश्वर मंदिर का नाम आता है। भगवान शिव को समर्पित यह एक बेहद प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। यह मंदिर कोलकाता से करीब 85 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। कहा जाता है कि यह मंदिर प्राचीन समय में जंगलों के बीच मिला था। भगवान शिव के तारकनाथ स्वरूप को यहां पूजा जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
लिंगराज मंदिर, भुवनेश्वर
इस लिस्ट में नंबर 4 पर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में स्थित लिंगराज मंदिर का नाम आता है। यह भगवान शिव के सबसे प्राचीन और पवित्र मंदिरों में से एक है। मंदिर की हर शिला पर की गई खूबसूरत कारीगरी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। करीब 180 फीट ऊंचे इस मंदिर परिसर में भगवान गणेश, माता गौरी और भगवान कार्तिकेय के मंदिर भी मौजूद हैं। सावन के महीने में यहां भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
बैद्यनाथ धाम, देवघर
इस लिस्ट में नंबर 5 पर झारखंड के देवघर में स्थित बैद्यनाथ धाम यानी बाबाधाम का नाम आता है। यह भगवान शिव के सबसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में से एक है। इस मंदिर की सबसे खास बात है कि इसके शिखर पर त्रिशूल की जगह पंचशूल स्थापित है, जिसे सुरक्षा कवच माना जाता है। सावन आते ही लाखों की संख्या में कांवड़िए और शिवभक्त यहां पहुंचते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से यहां पूजा करने वाले भक्तों की इच्छाएं पूरी होती हैं। अगर आप सावन में शिव भक्ति के साथ एक यादगार यात्रा का अनुभव चाहते हैं, तो बैद्यनाथ धाम आपके लिए परफेक्ट ऑपशन है।
