IRCTC Egypt Package: अगर आप छुट्टियों में भारत से बाहर किसी अनोखे देश में घूमने का सोच रहे हैं, तो आप मिस्र का प्लान कर सकते हैं। मिस्र खासतौर से अपने पिरामिड को लेकर फेमस है। मिस्र में 100 से अधिक पिरामिड हैं। मिस्र का इतिहास, कला और विरासत काफी अद्भुत है, जो यहां आने वाले पर्यटकों को काफी रोमांचित करते हैं। अगर आप भी मिस्र जाने का प्लान बना रहे हैं तो यहां जाने का सबसे सही समय अक्टूबर से अप्रैल महीने के बीच है।
IRCTC Egypt Package: आईआरसीटीसी लाया मिस्र का स्पेशल पैकेज।
ये भी पढ़ें- नॉर्थ ईस्ट के ये हिल स्टेशंस शिमला-मनाली को देते हैं टक्कर, हनीमून के लिए न्यूली मैरिड कपल्स जरूर आएं यहां
ये भी पढ़ें- आईआरसीटीसी के पैकेज से अगस्त में बनाएं बैंकॉक का ट्रैवल प्लान, जेब से खर्च होंगे बस इतने रुपए
अक्टूबर में बनाएं मिस्र का प्लान
अगर आप अक्टूबर के महीने में मिस्र का प्लान कर रहे हैं, तो आप आईआरसीटीसी का पैकेज से मिस्र की यात्रा कर सकते हैं। आईआरसीटीसी ने मिस्र का जो पैकेज निकाला है, वह 9 रात और 10 दिन का है। EGYPT - THE GIFT OF NILE (EHO038B) नाम का ये पैकेज 13 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से शुरू होगा। पैकेज में ट्रैवलिंग मोड फ्लाइट का रहेगा, जिसमें कोलकाता से अबू धाबी होते हुए काहिरा आना-जाना आप एयर अरेबिया एयरलाइंस की फ्लाइट से करेंगे। फ्लाइट का टिकट इकोनॉमी क्लास का मिलेगा।
IRCTC पैकेज में रहने को मिलेगा 4 स्टार होटल
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में आपको 4 स्टार होटल में ठहराया जाएगा। मील प्लान में आपको दिनभर के तीनों टाइम का खाना मिलेगा। इस पैकेज में आप काहिरा में 2 रात , स्लीपर ट्रेन में 1 रात, 5 स्टार नाइल क्रूज में 3 रात और हर्गडा में 1 रात रुकेंगे। इसके अलावा इस पैकेज में मिस्र का एंट्री वीजा भी शामिल है। पैकेज में आप मिस्र की सुंदर-सुंदर जगह घूमेंगे, जिसमें काहिरा सिटी का टूर, नील क्रूज, हर्गडा सिटी टूर और ग्लास बोट से लाल सागर शामिल है। घुमाने और साइट सीन के लिए एसी गाड़ी है। अंग्रेजी बोलने वाला टूर गाइड और 75 साल तक के यात्रियों को इस पैकेज में ट्रैवल इंश्योरेंस भी मिलेगा। जीएसटी भी इस पैकेज की कीमत में पहले से शामिल है।
आईआरसीटीसी पैकेज को अकेले बुक करने पर खर्च होंगे 2,24,000 रुपए
मिस्र के इस पैकेज की कीमत थोड़ी ज्यादा है। अगर आप इस पैकेज को बुक कराना चाहते हैं, तो आपको अकेले बुक करने पर 2,24,000 रुपए देने होंगे। वहीं दो या तीन लोगों के लिए पैकेज की कीमत 1,82,400 रुपए रखी गई है। इसके अलावा बच्चों के लिए पैकेज की कीमत 1,56,500 रुपए से 1,34,300 रुपए के बीच रखी गई है। अगर आप इस पैकेज को घर बैठे बुक करना चाहते हैं, तो आप आईआरसीटीसी की वेबसाइट से इस पैकेज को ऑनलाइन बुक कर पाएंगे। वहीं अगर आप ऑफलाइन तरीके से इस पैकेज को बुक कराना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको आईआरसीटीसी के ऑफिस जाना होगा।
