Hyderabad Tourist Attraction: अगर आप हैदराबाद में रहते हैं और समुद्र किनारे घूमने का मन करता है, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। अब बीच का मजा लेने के लिए गोवा या केरल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि हैदराबाद में बनने जा रहा है अपना खुद का आर्टिफिशियल बीच। तेलंगाना सरकार हैदराबाद के कोटवाल गुड़ा इलाके में एक शानदार कृत्रिम समुद्र तट बनाने जा रही है, जो शहर के बाहरी रिंग रोड के पास होगा। यह पूरा प्रोजेक्ट करीब 35 एकड़ में फैला होगा और इसमें एक बड़ी मानव निर्मित झील भी बनाई जाएगी।
शहर में पूरा होगा बीच घूमने का सपना
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 225 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर तैयार किया जाएगा। सरकार का मानना है कि यह आर्टिफिशियल बीच हैदराबाद को एक नया टूरिस्ट हॉटस्पॉट बना देगा।
यह सिर्फ रेत और पानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां मिलेगा पूरा एंटरटेनमेंट पैकेज। इस आर्टिफिशियल बीच में कई शानदार आकर्षण जैसे- फ्लोटिंग विला, लग्जरी होटल, वेव पूल, बंजी जंपिंग, सेलिंग और स्केटिंग, साइक्लिंग ट्रैक, बच्चों के लिए पार्क और प्लेग्राउंड, फूड कोर्ट और कैफे, थिएटर और म्यूजिकल फव्वारे होगा। यानी पूरा फैमिली एंटरटेनमेंट जोन, जहां लोग आराम से पूरा वीकेंड बिता सकते हैं।
कोटवाल गुड़ा को इसलिए चुना गया है क्योंकि यह बाहरी रिंग रोड के पास है और यहां तक पहुंचना आसान होगा। साथ ही सरकार का कहना है कि प्रोजेक्ट बनाते वक्त पर्यावरण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। तेलंगाना टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन पटेल रमेश रेड्डी के मुताबिक इस प्रोजेक्ट की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
सरकार का मानना है कि तेलंगाना में टूरिज्म की जबरदस्त संभावनाएं हैं और यह आर्टिफिशियल बीच प्रोजेक्ट राज्य की टूरिज्म इकॉनमी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। इससे लोकल लोगों के साथ-साथ विदेशी टूरिस्ट भी आकर्षित होंगे।
