Goa New Rules: गोवा में वेकेशन की बात करते ही समुद्र किनारे मस्ती और पार्टीज दिमाग में घूमती हैं। लेकिन इस बार अगर आप गोवा जा रहे हैं तो थोड़ा सावधान रहिएगा। ऐसा न हो कि कहीं थोड़ी मस्ती या चिल करने के चक्कर में आपको मोटा जुर्माना भरना पड़ जाए। दरअसल, गोवा में नए विधेयक के तहत कुछ नियम लागू किए गए हैं।
गोवा में पर्यटकों को लेकर क्या नियम बनाए गए हैं (Pic: Canva)
गोवा विधानसभा ने हाल ही में एक विधेयक पारित किया है जिसमें पर्यटकों के व्यवहार भी नजर रखी जाएगी और उपद्रव करने वाले लोगों पर मोटा फाइन लग सकता है। इस तरह जहां गोवा फैमिली वेकेशन के लिए अपनी इमेज साफ करना चाह रहा है, वहीं यहां रहने वाले लोगों की शांति में भी खलल नहीं आने देना चाहता है।
गोवा में पर्यटकों को लेकर क्या नियम बनाए गए हैं
1 अगस्त, 2025 को, राज्य के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने गोवा पर्यटक स्थल (संरक्षण और रखरखाव) संशोधन विधेयक, 2025 पेश किया, जो मूल 2001 अधिनियम का एक नया संस्करण है। इस नए कानून में उपद्रव के लिए अधिकतम जुर्माना कुछ हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख रुपये तक कर दिया गया है।
इसी के साथ ही गोवा में अब चिन्हित पर्यटन स्थलों पर सार्वजनिक रूप से शराब पीने और कांच की बोतलें तोड़ने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गोवा में किन हरकतों पर अब सख्त एक्शन लिया जाएगा
- अनाधिकृत सार्वजनिक क्षेत्रों में शराब पीना या बोतलें तोड़ना
- खुले स्थानों या गैर-निर्दिष्ट क्षेत्रों में खाना बनाना
- पर्यटकों को सामान या सेवाएं खरीदने के लिए परेशान करना
- लोकप्रिय समुद्र तटों पर कूड़ा डालना
- अनधिकृत फेरी लगाना या भीख मांगना
- प्रदूषण या जोखिम पैदा करने वाली नौकाओं या तैरती वस्तुओं का संचालन करना
- समुद्र तटों पर गाड़ी चलाना या पर्यटकों की आवाजाही को रोकना
- राज्य की मंजूरी के बिना गोवा के बाहर के स्थानों के लिए पर्यटन पैकेज बेचना
गोवा ने पर्यटकों के लिए नए नियम क्यों लागू किए हैं
देखने में आया है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या और अनियंत्रित व्यवहार, पर्यावरण को नुकसान और अनधिकृत आर्थिक गतिविधियों की बढ़ती घटनाओं से राज्य का टूरिज्म और छवि - दोनों ही प्रभावित हो रहे थे। खाउंटे के अनुसार, विधेयक में पारित नियमों का उद्देश्य अनियंत्रित दलालों को खत्म करना और पर्यटकों को घोटाला होने से बचाना भी है। कानून का उद्देश्य जबरदस्ती बिक्री प्रथाओं और गतिविधियों पर भी अंकुश लगाना है जो यहां के शांतिपूर्ण पर्यटन अनुभव में बाधा डालती हैं।
गोवा में नियमों को भंग करने पर कितना लगेगा जुर्माना
संशोधित कानून के तहत, नियमों का उल्लंघन करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों पर ₹5,000 से लेकर ₹1 लाख तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। कुछ अपराध भारतीय न्याय संहिता, 2023 (पूर्व में भारतीय दंड संहिता का हिस्सा) की धारा 223 के तहत भी दंडित किए जा सकते हैं, खासकर यदि आप सार्वजनिक अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करते हैं।
पर्यटकों को और क्या जानना चाहिए?
- विधेयक में एक नए खंड (धारा 10A) में अनिवार्य किया गया है कि सरकार हर दो साल में जुर्माने की समीक्षा करेगी और इसे 10% तक एडजस्ट कर सकती है।
- स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों के लिए गोवा बेहतर स्थान बने, इसके लिए जिम्मेदार और रिजेनरेटिव टूरिज्म पर फोकस जाए।
अधिकारियों को उम्मीद है कि इस विधेयक में बनाए गए नियमों से गोवा के समुद्र तट साफ और सुरक्षित बनेंगे और अनाधिकृत वेंडर्स पर भी लगाम कसेगी।
