आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जितना इस्तेमाल बढ़ रहा है, उतनी ही इसे लेकर चिंता भी बढ़ रही है। भले ही अमेरिका से ही एआई की शुरुआत हुई लेकिन वह लंबे समय से इस पर कंट्रोल करने की बात कर रहा है। अब अमेरिका सरकार ने AI की दुनिया में एक बड़ा कदम उठाते हुए Anthropic के नए और शक्तिशाली AI मॉडल Claude Fable 5 और Mythos 5 के इस्तेमाल पर विदेशियों के लिए रोक लगा दी है। इस प्रतिबंध का असर भारतीयों समेत सभी गैर-अमेरिकी नागरिकों पर पड़ेगा। अमेरिकी सरकार के निर्देश के बाद Anthropic को इन दोनों AI मॉडल का एक्सेस अचानक बंद करना पड़ा है।
कंपनी का कहना है कि यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण लिया गया है, हालांकि Anthropic का दावा है कि उसे जो जानकारी दिखाई गई, वह इतनी बड़ी पाबंदी को सही ठहराने के लिए पर्याप्त नहीं थी। फिर भी कंपनी ने कहा कि सरकारी आदेश का पालन करना उसकी मजबूरी है और वह एक्सेस दोबारा शुरू कराने के लिए काम कर रही है। आइए 5 प्वाइंट्स में समझते हैं कि आखिर यह पूरा मामला क्या है और किसी एआई टूल पर इस तरह प्रतिबंध लगाने की जरूरत क्यों पड़ी?
पहली बार AI सॉफ्टवेयर पर लगा ऐसा प्रतिबंध
अब तक दुनियाभर की सरकारों ने AI को लेकर ज्यादातर पाबंदियां हार्डवेयर और चिप्स पर लगाई थीं। खासतौर पर एडवांस AI सिस्टम बनाने के लिए जरूरी सेमीकंडक्टर तकनीक पर नियंत्रण की कोशिशें होती रही हैं, लेकिन Anthropic के मामले में पहली बार किसी सरकार ने सीधे AI सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल पर रोक लगाई है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि भविष्य में अत्याधुनिक AI मॉडल भी रणनीतिक तकनीक की श्रेणी में आ सकते हैं।
अमेरिकी सरकार का Anthropic को क्या आदेश है?
Anthropic ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि उसे 12 जून को अमेरिकी सरकार की ओर से एक्सपोर्ट-कंट्रोल निर्देश मिला। इस आदेश के तहत कंपनी को Claude Fable 5 और Mythos 5 का एक्सेस सभी विदेशी नागरिकों के लिए रोकना पड़ा। यह नियम अमेरिका के अंदर या बाहर रहने वाले सभी गैर-अमेरिकी नागरिकों पर लागू है। यहां तक कि Anthropic में काम करने वाले विदेशी कर्मचारियों को भी इन मॉडलों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। कंपनी ने कहा कि आदेश का दायरा इतना बड़ा था कि उसे दोनों AI मॉडल सभी ग्राहकों के लिए बंद करने पड़े, ताकि वह सरकारी नियमों का पालन कर सके, हालांकि Anthropic के अन्य AI मॉडल इससे प्रभावित नहीं होंगे।
Why US govt banned Anthropic Claude Fable 5 & Mythos
क्यों लगाया गया प्रतिबंध?
अमेरिकी अधिकारियों की चिंता यह है कि Claude Fable 5 और Mythos 5 जैसे शक्तिशाली AI मॉडल का गलत इस्तेमाल साइबर हमलों के लिए किया जा सकता है। सरकार को आशंका है कि अगर इन AI सिस्टम की सुरक्षा सीमाओं को तोड़ा जा सके, तो ये मॉडल सॉफ्टवेयर की कमजोरियां खोजने, साइबर हमले की तैयारी करने या संवेदनशील सिस्टम को निशाना बनाने में मदद कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह चिंता एक रिसर्च के बाद बढ़ी, जिसमें शोधकर्ताओं ने कुछ प्रॉम्प्ट के जरिए Anthropic मॉडल से कुछ सॉफ्टवेयर कमजोरियों से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश की थी। यह जानकारी बाद में अमेरिकी वाणिज्य विभाग तक पहुंची, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
Anthropic ने सरकार की दलील पर उठाए सवाल
Anthropic का कहना है कि यह समस्या सीमित स्तर की थी जिसमें सॉफ्टवेयर की कमजोरियों की पहचान हुई थी। कंपनी के अनुसार, कई अन्य सार्वजनिक रूप से उपलब्ध AI मॉडल भी ऐसी कमजोरियों की पहचान कर सकते हैं। इसलिए पूरे सिस्टम पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं है।
Claude Fable 5 and Claude Mythos 5
Anthropic ने यह भी दावा किया कि लॉन्च से पहले Fable 5 की कई हफ्तों तक अमेरिकी सरकारी एजेंसियों, ब्रिटेन के AI सेफ्टी इंस्टीट्यूट और स्वतंत्र शोधकर्ताओं द्वारा जांच की गई थी। कंपनी के मुताबिक, किसी को भी ऐसा तरीका नहीं मिला जिससे AI की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से तोड़ा जा सके।
Anthropic और अमेरिकी सरकार के बीच बढ़ा तनाव
Anthropic और अमेरिकी प्रशासन के बीच पहले से ही मतभेद चल रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने अपने AI मॉडल का इस्तेमाल घरेलू निगरानी और पूरी तरह स्वचालित हथियार प्रणालियों के लिए करने की अनुमति देने से इनकार किया था। इसके बाद सरकारी एजेंसियों और कंपनी के बीच तनाव बढ़ा। वहीं Anthropic ने पेंटागन के उस फैसले को भी चुनौती दी है, जिसमें कंपनी को "सप्लाई चेन जोखिम" से जोड़ा गया था। कंपनी ने हाल ही में IPO के लिए गोपनीय रूप से आवेदन भी किया है। इससे इसकी वैल्यू करीब एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
भारत और दुनिया के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह फैसला?
इस पूरे मामले का असर भारत समेत दुनिया के कई देशों पर पड़ सकता है। अब तक अमेरिका की AI नीति मुख्य रूप से चिप्स और कंप्यूटिंग क्षमता को नियंत्रित करने पर केंद्रित थी, लेकिन Anthropic पर कार्रवाई के बाद संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका अब AI सॉफ्टवेयर तक पहुंच को भी राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा मान रहा है। इसका मतलब यह है कि आने वाले समय में सरकारें तय कर सकती हैं कि कौन लोग और कौन से देश सबसे शक्तिशाली AI तकनीक का इस्तेमाल कर पाएंगे।
भारत के लिए आत्मनिर्भर AI की जरूरत पर जोर
इस फैसले के बाद भारत में भी अपनी AI क्षमता विकसित करने की चर्चा तेज हो गई है। Zoho के संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने इसे भारत के लिए बड़ा संकेत बताया और कहा कि देश को अपनी खुद की AI तकनीक और रिसर्च को मजबूत करना चाहिए। उनका मानना है कि देश केवल विदेशी AI कंपनियों पर निर्भर नहीं रह सकते। भारत को ओपन-सोर्स AI मॉडल और घरेलू AI विकास पर ज्यादा निवेश करना होगा।
आगे क्या होगा?
फिलहाल Anthropic अमेरिकी सरकार के निर्देश का पालन कर रही है और Fable 5 व Mythos 5 का एक्सेस बंद है। कंपनी का कहना है कि वह सरकार के साथ बातचीत कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति साफ होगी, हालांकि यह मामला सिर्फ एक कंपनी तक सीमित नहीं है। यह दिखाता है कि भविष्य में एडवांस AI मॉडल भी चिप्स और सेमीकंडक्टर की तरह रणनीतिक तकनीक माने जा सकते हैं। ऐसे में भारत जैसे देशों के लिए अपनी AI क्षमताओं को मजबूत करना और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा।
