क्लाउडफ्लेयर दुनियाभर की वेबसाइट्स को सुरक्षा प्रदान करता है।
मंगलवार की शाम को दुनियाभर में माइक्रोब्लॉगिंग साइट X, Amazon, Canva, ChatGPT समेत कई बड़ी वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स में आउटेज की समस्या का सामना करना पड़ा। आउटेज एक ऐसी कंडीशन है जिसमें वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म काम करना बंद कर देंते हैं। ऐसे में यूजर्स न तो वेबसाइट्स को एक्सेस कर सकते हैं और ना ही किसी तरह का पोस्ट कर पाते हैं। इन सभी प्लेटफॉर्म के डाउन होने के पीछे क्लाउडफ्लेयर (Cloudflare) के आउटेज को कारण माना जा रहा है। आइए आपको बताते हैं कि आखिर क्लाउडफ्लेयर क्या है और यह क्या काम करता है?
Cloudflare एक तरह से पूरे इंटरनेट की रीढ़ है। यह सबसे बड़ा इंटरनेट नेटवर्क है जो पूरी दुनिया में मौजूद लाखों करोड़ों वेबसाइट्स को सुरक्षा और स्पीड प्रवाइड कराता है। यह किसी भी वेबसाइट और यूजर के बीच में एक सुरक्षा गेट की तरह काम करता है। Cloudflare ही है जिसकी वजह से आज करोड़ों लोग इंटरनेट पर सुरक्षित तरीके से वेबसाइट्स और ऐप्स का इस्तेमाल कर पाते हैं। यह वेबसाइट्स और ऐप्स को साइबर अटैक से भी सुरक्षित करता है।
क्लाउडफ्लेयर पर लाखों करोड़ों इंटरनेट प्रॉपर्टीज हैं और इसका नेटवर्क हर दिन हजारों की संख्या में बढ़ रहा है। क्लाउडफ्लेयर आज के समय में कितना अहम है इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि लाखों वेबसाइटों के लिए इंटरनेट को संचालित करता है और औसतन प्रति सेकंड 81 मिलियन HTTP रिक्वेस्ट को पूरा करता है।
इंटरनेट के शुरुआती समय में जब आप कोई वेबसाइट खोलना चाहते थे, तो आपका कंप्यूटर सर्वर को एक रिक्वेस्ट भेजता था, और सर्वर वही वेब पेज आपको वापस भेज देता था। लेकिन अगर एक ही समय में बहुत ज्यादा लोग रिक्वेस्ट जाते थे, तो सर्वर पर ज्यादा भार पड़ जाता था और कभी-कभी वह काम करना बंद भी कर देता था।
क्लाउडफ्लेयर को इन समस्याओं को कम करने और लोगों को अपनी वेबसाइट, ऐप्स और ब्लॉग को सुरक्षित और तेज बनाने में मदद करने के लिए बनाया गया था। यह एक मजबूत एज नेटवर्क का इस्तेमाल करता है, जो आपकी जरूरत की जानकारी जितना संभव हो उतनी जल्दी पहुंचाने में मदद करता है। यह मुख्यतौर पर तीन बेस मॉडल पर काम करता है जो कि सुरक्षा, स्पीड और विश्वसनीयता है। Cloudflare वेबसाइट को इतना तेज बना देता है कि वह एक क्लिक करते ही खुल जाता है। दुनियाभर में Cloudflare के 330 से ज्यााद डेटा सेंटर हैं। जब आप अपनी वेबसाइट को क्लाउफ्लेयर से जोड़ते हैं तो यह अलग-अलग सर्वर पर एक कॉपी सेव कर देता है।
Cloudflare के बिना हैकर्स सीधे आपकी वेबसाइट में घुस सकते हैं। इसे ऐसे समझें जैसे आपकी वेबसाइट एक दुकान है और लोग सीधे उसी में प्रवेश कर रहे हैं। अगर अचानक बहुत भीड़ आ जाए या कोई बदमाश अंदर घुस आए, तो आपकी दुकान बंद भी हो सकती है या नुकसान हो सकता है। यह एक गार्ड की तरह काम करता है जो वेबसाइट के लिए हार्मफुल एक्सेस को रोकता है।
Cloudflare यूजर्स के लिए वेबसाइट को खराब बॉट्स और वायरस जैसे खतरों से सुरक्षित रखता है। यह आपकी साइट का असली IP Address भी छिपाता है ताकि हैकर्स सीधे आपके सर्वर तक न पहुंच सकें। Cloudflare मुफ्त में SSL सुरक्षा भी देता है। जब किसी वेबसाइट के नाम से पहले ताले का निशान और “https” लिखा दिखता है, तो इसका मतलब यह है कि वह साइट सुरक्षित है। सीधे और सरल शब्दों में—Cloudflare इंटरनेट का एक तरह का बड़ा और अहम रक्षक है।
आपका इंटरनेट प्रदाता या इंटरनेट पर आपकी गतिविधियों को देखने वाला कोई भी व्यक्ति यह जान सकता है कि आप कौन-सी वेबसाइट खोल रहे हैं और कौन-से ऐप्स उपयोग कर रहे हैं—चाहे उनकी अंदर की जानकारी एन्क्रिप्टेड ही क्यों न हो। Cloudflare यूजर्स को 1.1.1.1 नाम की एक मुफ्त DNS सेवा देता है, जिसे आप किसी भी डिवाइस पर इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सर्विस आपके डेटा को सुरक्षित रखती है और उसे किसी तरह के एनॉलिसिस या विज्ञापन दिखाने के लिए उपयोग होने से रोकती है।
और यह वेबसाइट मालिकों को डेवलपर बने बिना आसानी से अपनी वेबसाइट में एप्लिकेशन डालने की सुविधा देता है। इसके अलावा अगर आप एक डेवलपर हैं तो क्लाउफ्लेयर अपने पावरफुल एज नेटवर्क पर जावास्क्रिप्ट कोड चलाने की इजाजत देता है ताकि आप उपयोगकर्ता के जितना हो सके करीब पहुँच सकें। इससे देरी कम होती है और आप जैसे उपयोगकर्ताओं के लिए अनुभव बेहतर होता है!