दूरसंचार नियामक भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने स्पैम कॉल और अनचाहे मैसेज भेजने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के बीच ट्राई ने 1.24 लाख से ज्यादा दूरसंचार संसाधनों पर कार्रवाई की। इनमें ऐसे मोबाइल कनेक्शन भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल लोगों को बार-बार स्पैम कॉल और मैसेज भेजने के लिए किया जा रहा था।
स्पैम पर नजर रखने के लिए टेलीकॉम कंपनियां AI आधारित सिस्टम का भी इस्तेमाल कर रही हैं। (फोटो क्रेडिट-Digit)
नियमों का पहली बार उल्लंघन करने वालों की आउटगोइंग सेवाएं कुछ समय के लिए बंद की गईं, जबकि बार-बार गलती करने वालों के मोबाइल कनेक्शन एक साल के लिए काट दिए गए। इसके अलावा, स्पैम गतिविधियों में शामिल 374 संस्थाओं को भी एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। ट्राई की इस कार्रवाई का मकसद लोगों को लगातार आने वाली अनचाही कॉल और मैसेज से राहत दिलाना और टेलीकॉम नेटवर्क पर स्पैम की समस्या को कम करना है।
इन लोगों पर भी कार्रवाई
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक, पहली बार नियम तोड़ने पर 1,10,325 दूरसंचार संसाधनों की आउटगोइंग सेवाएं 15 दिनों के लिए बंद कर दी गईं। वहीं, बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 13,777 मोबाइल कनेक्शन एक साल के लिए बंद कर दिए गए।
इसके अलावा, स्पैम मैसेज भेजने में इस्तेमाल होने वाले 3,725 एसएमएस हेडर भी ब्लॉक किए गए। वहीं, 374 ऐसी संस्थाओं पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया, जो लोगों को अनचाहे कॉल और मैसेज भेज रही थीं। प्रतिबंध के दौरान ये संस्थाएं नए टेलीकॉम संसाधन भी नहीं ले सकेंगी।
तीन महीने में 15 लाख से ज्यादा शिकायतें
जुलाई से सितंबर के बीच ट्राई को स्पैम कॉल और मैसेज से जुड़ी कुल 15.29 लाख शिकायतें मिलीं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतों को कार्रवाई के योग्य पाया गया। इस दौरान देश के टेलीकॉम नेटवर्क पर 714.01 अरब आउटगोइंग कॉल और 702.28 अरब एसएमएस भेजे गए। आंकड़ों के मुताबिक, हर 10 लाख आउटगोइंग कॉल पर स्पैम से जुड़ी करीब 2.14 शिकायतें दर्ज की गईं।
DND ऐप से सबसे ज्यादा शिकायतें
स्पैम कॉल और मैसेज की शिकायत करने के लिए ट्राई का 'डू नॉट डिस्टर्ब' (DND) ऐप लोगों का सबसे पसंदीदा माध्यम बना हुआ है। दूसरी तिमाही में मिली कुल शिकायतों में से 14.21 लाख शिकायतें इसी ऐप के जरिए दर्ज की गईं। यानी करीब 92.9 फीसदी लोगों ने शिकायत के लिए DND ऐप का इस्तेमाल किया।30 सितंबर तक इस ऐप को कुल 42.36 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका था। इससे साफ है कि स्पैम कॉल और मैसेज से परेशान लोग शिकायत दर्ज कराने के लिए इस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं।
AI ने 19.9 अरब कॉल और मैसेज को पकड़ा
स्पैम पर नजर रखने के लिए टेलीकॉम कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम का भी इस्तेमाल कर रही हैं। ट्राई के मुताबिक, इन सिस्टम ने जुलाई-सितंबर तिमाही में करीब 19.9 अरब इनकमिंग कॉल और एसएमएस को संभावित स्पैम के तौर पर पहचाना। इनमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब एसएमएस शामिल हैं। इसके अलावा, टेलीकॉम कंपनियों ने संदिग्ध स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को 45.9 लाख से ज्यादा चेतावनी संदेश भी भेजे। ट्राई की इस कार्रवाई का मकसद लोगों को अनचाहे कॉल और मैसेज से राहत दिलाना और स्पैम भेजने वालों पर सख्ती से लगाम लगाना है।
(इनपुट-भाषा)
