Tips Of The Day: आज के समय में स्क्रीन रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। चाहे गेमप्ले शेयर करना हो, ऐप का ट्यूटोरियल बनाना हो या किसी समस्या को दिखाना हो, स्क्रीन रिकॉर्डिंग बेहद काम की सुविधा बन चुकी है। कई लोग इसके लिए थर्ड-पार्टी ऐप्स डाउनलोड करते हैं, लेकिन Apple iPhone और Apple iPad में पहले से ही यह फीचर मौजूद होता है, जिसे आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
ऑडियो के साथ आईफोन में स्क्रीन रिकॉर्डिंग कैसे करें
कंट्रोल सेंटर में Screen Recording फीचर जोड़ें
स्क्रीन रिकॉर्डिंग शुरू करने से पहले आपको इस फीचर को आईफोन या आईपैड के कंट्रोल सेंटर में एड करना होगा। इसके लिए सबसे पहले Settings app में जाएं और “Control Center” ऑप्शन खोलें। यहां “Access Within Apps” को ऑन करें। इसके बाद कंट्रोल सेंटर में जाकर “Add a Control” पर टैप करें और “Screen Recording” को जोड़ लें।
स्क्रीन रिकॉर्डिंग कैसे शुरू करें
अब जिस स्क्रीन या ऐप को रिकॉर्ड करना है, उसे खोल लें। इसके बाद स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर से नीचे की ओर स्वाइप करके कंट्रोल सेंटर खोलें। यहां आपको “Screen Recording” का आइकन दिखाई देगा। इस पर टैप करते ही कुछ सेकंड का काउंटडाउन शुरू होगा और फिर आपकी स्क्रीन रिकॉर्ड होना शुरू हो जाएगी।
ऑडियो के साथ रिकॉर्डिंग करने का तरीका
अगर आप स्क्रीन रिकॉर्डिंग के साथ अपनी आवाज भी रिकॉर्ड करना चाहते हैं, तो इसके लिए एक छोटा सा स्टेप और करना होगा। Screen Recording बटन को लॉन्ग-प्रेस करें, जिससे “Microphone” का ऑप्शन दिखाई देगा। इसे ऑन कर दें। इससे आप स्क्रीन के साथ-साथ अपनी वॉइस भी रिकॉर्ड कर पाएंगे, जो ट्यूटोरियल या एक्सप्लेन करने में काफी मददगार होता है।
रिकॉर्डिंग सेव और बंद कैसे करें
रिकॉर्डिंग शुरू होने के बाद स्क्रीन के ऊपर एक लाल रंग का इंडिकेटर और टाइमर दिखाई देगा। जब आप रिकॉर्डिंग बंद करना चाहें, तो उसी लाल इंडिकेटर पर टैप करें और “Stop” चुन लें। आपकी रिकॉर्ड की गई वीडियो अपने आप Photos app में सेव हो जाएगी।
स्क्रीनशॉट और एडिटिंग का विकल्प
रिकॉर्डिंग सेव होने के बाद आप वीडियो को कभी भी देख सकते हैं, एडिट कर सकते हैं या उसमें से स्क्रीनशॉट भी ले सकते हैं। अगर रिकॉर्डिंग के दौरान कोई खास पल छूट गया हो, तो बाद में उसे आसानी से कैप्चर किया जा सकता है।
