इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे Facebook, Instagram और X पर एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है – #SorryNotSorry। हाल ही में जियो, बीएसएनएल, आईटेल और रिलायंस जैसी बड़ी कंपनियों ने अपने आधिकारिक अकाउंट्स से यूजर्स को “माफी” मांगते हुए पोस्ट शेयर किए हैं। आपने भी ऐसे पोस्ट कहीं न कहीं सोशल मीडिया में देखें होंगे। ऐसे में कई लोगों के मन में यह सवाल है कि कंपनियां आखिर किस बात के लिए Sorry बोल रही हैं? अगर आप भी इससे अनजान हैं तो हम आपको इसके पीछे की पूरी कहानी बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया में इस समय सॉरी नॉट सॉरी जमकर वायरल हो रहा है। (फोटो क्रेडिट-iStock)
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों में कई सारी कंपनियों की तरफ से सोशल मीडिया में Official Apology Statement शेयर किया गया है। पहली नज़र में ये पोस्ट सच में माफीनामे लगते हैं, लेकिन असल में इनके पीछे एक स्मार्ट प्लानिंग है। दरअसल यह माफीनामा किसी गलती के लिए नहीं है बल्कि अपने प्रोडक्ट को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का एक नया तरीका है।
Sorry, But Not Sorry हुआ वायरल
इस ट्रेंड के तहत कंपनियां प्रोफेशनल अंदाज में हल्के-फुल्के मजाकिया तरीके से ऐसे पोस्ट शेयर कर रही हैं जिसमें वे माफी मांगने के बहाने अपनी सेवाओं और ऑफर्स का प्रचार कर रही हैं। उदाहरण के तौर पर जियो ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट Sorry, But Not Sorry कैप्शन के साथ Official Apology Statement शेयर किया। इस स्टेटमेंट में कंपनी ने लिखा- “हमें खेद है कि हमारा ऑफर इतना शानदार है कि लोग इसे छोड़ नहीं पा रहे हैं।” इस पोस्ट में कंपनी ने अपने Google Gemini Pro के फ्री सब्सक्रिप्शन और Jio Youth Offer की जानकारी भी दी।
इसी तरह, BSNL की तरफ से मजेदार अंदाज में सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट शेयर किया गया। सरकारी कंपनी ने अपने पोस्ट में लिखा- “हम माफी चाहते हैं, क्योंकि हमारे सस्ते रिचार्ज प्लान्स ने बाकी लोगों का बजट गड़बड़ा दिया।” यानी, इन माफीनामों के जरिए कंपनियां रचनात्मक ढंग से यह बता रही हैं कि उनके ऑफर्स न केवल आकर्षक हैं, बल्कि जेब के लिए भी बेहद किफायती हैं।
ट्रेंड में शामिल हुईं कई कंपनियां
इस ट्रेंड में अब सिर्फ जियो और बीएसएनएल जैसी टेलीकॉम कंपनी ही नहीं बल्कि दूसरी कई बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं। इस लिस्ट में itel, रिलायंस डिजिटल सहित कई छोटे-बड़े ब्रांड्स भी शामिल हो गए हैं। सभी कंपनियां Instagram, X और Facebook पर #SorryNotSorry हैशटैग के साथ पोस्ट शेयर कर रही हैं। इन पोस्ट्स की सबसे बड़ी खास बात यह है कि इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह एकदम एक कॉर्पोरेट माफीनामे जैसा प्रतीत हो। लेकिन, जब यूजर्स इसे पढ़ते हैं तो उन्हें पता लगता है कि यह सर्विस की जानकारी देने का एक दिलचस्प तरीका है। यही रचनात्मकता इस ट्रेंड को लोगों के बीच खास बना रही है और इसकी वजह से यह तेजी से वायरल हो रहा है।
